Bigg Boss OTT: बिग बॉस ओटीटी की हो गई छुट्टी? मजबूरी में मेकर्स ने लिया बड़ा फैसला

Bigg Boss OTT 4 Cancelled: मेकर्स ने 'बिग बॉस ओटीटी' हिंदी को हमेशा के लिए कैंसिल कर दिया है। अब केवल एक ही मुख्य 'बिग बॉस' शो टीवी और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया जाएगा।
Bigg Boss OTT 4 Cancelled
Bigg Boss OTT 4 Cancelled (फोटो क्रेडिट-इंस्टाग्राम)
Published on: 
Updated on: 

Bigg Boss OTT Scrapped: भारतीय टेलीविजन के सबसे चर्चित और विवादित रियलिटी शो 'बिग बॉस' के प्रशंसकों के लिए एक बड़ी और हैरान करने वाली खबर सामने आ रही है। पिछले तीन सालों से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर धूम मचाने वाले 'बिग बॉस ओटीटी' (Bigg Boss OTT) को अब हमेशा के लिए बंद करने का फैसला लिया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, मेकर्स ने तय किया है कि अब हिंदी में 'बिग बॉस' का कोई अलग ओटीटी वर्जन नहीं आएगा।

इस फैसले के बाद अब हिंदी दर्शकों के लिए साल में केवल एक ही 'बिग बॉस' सीजन आयोजित किया जाएगा, जिसे टीवी और डिजिटल (ओटीटी) दोनों प्लेटफॉर्म पर एक साथ प्रसारित किया जाएगा। 'बिग बॉस ओटीटी 4' का इंतजार कर रहे फैंस के लिए यह खबर किसी झटके से कम नहीं है।

क्यों बंद किया गया 'बिग बॉस ओटीटी'

मेकर्स के इस बड़े कदम के पीछे मुख्य वजह दर्शकों का बंटवारा और टीआरपी का गणित बताया जा रहा है। दरअसल, साल में दो बार बिग बॉस आने से दर्शकों को टीवी और ओटीटी फॉर्मेट में से किसी एक को चुनने के लिए मजबूर होना पड़ रहा था। इससे शो की ओवरऑल व्यूअरशिप और टीआरपी पर सीधा असर पड़ रहा था। मेकर्स अब चाहते हैं कि दर्शक किसी एक माध्यम तक सीमित न रहें, बल्कि एक ही मुख्य शो को दोनों प्लेटफॉर्म पर देखें, जैसा कि 'बिग बॉस 19' के दौरान देखा गया था।

ओटीटी के तीन सीजन और उनके विजेता

'बिग बॉस ओटीटी' का सफर छोटा लेकिन काफी प्रभावशाली रहा है:

सीजन 1: इसे करण जौहर ने होस्ट किया था और दिव्या अग्रवाल विजेता बनी थीं।

सीजन 2: सलमान खान की मेजबानी में हुए इस सीजन ने इतिहास रचा और वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट एल्विश यादव विनर बने।

सीजन 3: अनिल कपूर ने इस सीजन की कमान संभाली और सना मकबूल ने ट्रॉफी अपने नाम की। इन तीनों सीजन के सफल होने के बावजूद, चौथे सीजन को अनिश्चित काल के लिए कैंसिल कर दिया गया है।

फैसले को मिला फैंस का समर्थन

दिलचस्प बात यह है कि सोशल मीडिया पर दर्शक मेकर्स के इस फैसले का समर्थन कर रहे हैं। कई यूजर्स का मानना है कि जब मुख्य शो (टीवी वर्जन) पहले से ही ओटीटी पर 24 घंटे लाइव स्ट्रीम होता है, तो एक अलग ओटीटी सीजन का कोई औचित्य नहीं रह जाता। फैंस का कहना है कि साल में एक ही बार 'बिग बॉस' आना उसकी एक्साइटमेंट को बरकरार रखने के लिए बेहतर है। अब जियो हॉटस्टार (JioHotstar) और कलर्स टीवी पर केवल ओरिजिनल बिग बॉस सीरीज ही दिखाई देगी।