

Highlights
सायरा बानो ने अमिताभ बच्चन के जन्मदिन पर पुरानी यादें शेयर कीं।
दिलीप कुमार अमिताभ बच्चन की अदाकारी के बड़े प्रशंसक थे।
दिलीप कुमार को अमिताभ की डायलॉग डिलीवरी पसंद थे।
Dilip Kumar Amitabh Bachchan Acting: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन अपनी दमदार अदाकारी और शानदार डायलॉग डिलीवरी के लिए दुनियाभर में मशहूर हैं। हिंदी सिनेमा के कई दिग्गज कलाकार भी उनकी अभिनय प्रतिभा के कायल रहे हैं। इसी बीच दिग्गज अभिनेत्री सायरा बानो ने अमिताभ बच्चन के जन्मदिन के मौके पर उनसे जुड़ी कुछ पुरानी यादें शेयर की हैं।
अमिताभ बच्चन ने बताया कि उनके पति और दिवंगत अभिनेता दिलीप कुमार भी अमिताभ बच्चन की अदाकारी के बड़े प्रशंसक थे। सायरा की इस पोस्ट ने हिंदी सिनेमा के सुनहरे दौर की यादें ताजा कर दी हैं। सायरा बानो ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो और कई पुरानी तस्वीरें शेयर कीं। इन तस्वीरों और वीडियो में दिलीप कुमार, सायरा बानो और अमिताभ बच्चन से जुड़े कई यादगार पल देखने को मिले।
सायरा बानो के पोस्ट में जन्मदिन मनाने, इंटरव्यू देने और अवॉर्ड समारोहों में शामिल होने की झलकियां शामिल हैं। एक तस्वीर में दिलीप कुमार के साथ अमिताभ बच्चन नजर आ रहे हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में जया बच्चन और अभिषेक बच्चन भी दिखाई दे रहे हैं। सायरा ने अमिताभ के साथ अपनी फिल्मों के कुछ सीन्स को जोड़कर एक कोलाज भी शेयर किया।
सायरा बानो ने अपने कैप्शन में बताया कि दिलीप कुमार अपने साथ काम करने वाले कलाकारों की प्रतिभा का बेहद सम्मान करते थे। उन्होंने अपनी किताब 'दिलीप कुमार: द सब्सटेंस एंड द शैडो' में भी अमिताभ बच्चन के बारे में सम्मान के साथ लिखा था। दोनों दिग्गज कलाकारों ने फिल्म 'शक्ति' में साथ काम किया था। दिलीप कुमार अमिताभ बच्चन के डायलॉग बोलने के अंदाज, शब्दों के स्पष्ट उच्चारण और अपने सह-कलाकार की बात ध्यान से सुनने की कला से काफी प्रभावित थे।
दिलीप कुमार का मानना था कि अभिनय में केवल अपने डायलॉग बोलना ही महत्वपूर्ण नहीं होता, बल्कि सामने वाले कलाकार की बात को समझना और उसके अनुसार स्वाभाविक प्रतिक्रिया देना भी जरूरी है। सायरा बानो की इस पोस्ट के जरिए एक बार फिर दोनों महान कलाकारों के बीच आपसी सम्मान और हिंदी सिनेमा में उनके योगदान की झलक देखने को मिली।
सायरा बानो ने फिल्म 'शक्ति' की शूटिंग से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी शेयर किया। उन्होंने बताया कि एक इमोशनल सीन की तैयारी के दौरान दिलीप कुमार ने पूरी टीम से शांति बनाए रखने के लिए कहा था, ताकि अमिताभ बच्चन अपने किरदार और सीन पर पूरी एकाग्रता के साथ ध्यान दे सकें। यह किस्सा बताता है कि दिलीप कुमार न केवल अभिनय की बारीकियों को समझते थे, बल्कि अपने साथी कलाकारों की मेहनत और एकाग्रता का भी सम्मान करते थे।