व्हील ऑफ फॉर्च्यून इंडिया (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Wheel of Fortune India Promo: बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार यानी अक्षय कुमार एक बार फिर टेलीविजन पर धमाकेदार वापसी के लिए तैयार हैं। फिल्मी पर्दे पर तीन दशक से ज्यादा समय से दर्शकों का मनोरंजन करने वाले अक्षय अब करीब चार साल के अंतराल के बाद टीवी स्क्रीन पर नजर आएंगे। अपने करियर में वह न सिर्फ फिल्मों बल्कि टेलीविजन पर भी एक मजबूत पहचान बना चुके हैं।
अक्षय कुमार जल्द ही सोनी टीवी के लोकप्रिय इंटरनेशनल गेम शो ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून इंडिया’ को होस्ट करते नजर आएंगे। शनिवार को शो का पहला प्रोमो सोनी टीवी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर जारी किया गया, जिसने दर्शकों की उत्सुकता और भी बढ़ा दी है।
प्रोमो के मुताबिक, यह गेम शो कंटेस्टेंट्स को मल्टीपल ऑप्शन देता है, जहां सही जवाब देकर वे आकर्षक इनाम जीत सकते हैं। शो में शब्दों, अक्षरों और पहेलियों का अनोखा खेल देखने को मिलेगा। प्रोमो शेयर करते हुए अक्षय कुमार ने लिखा, “अब मायने करेगा हर एक अक्षर, जब घूमेगा जादू का चक्कर। व्हील ऑफ फॉर्च्यून इंडिया, विशेष रूप से SonyTV और SonyLIV पर।”
Ab matter karega har ek akshar, jab ghumega jaadu ka chakkar 💫@akshaykumar Wheel Of Fortune India, exclusively on #SonyEntertainmentTelevision and Sony LIV. #SonyTv #ComingSoon pic.twitter.com/9a0Rw9XPUq — sonytv (@SonyTV) December 20, 2025
‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून इंडिया’ को होस्ट करने को लेकर अक्षय ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि यह शो दुनियाभर में लाखों लोगों का पसंदीदा रहा है और इसके भारतीय संस्करण को दर्शकों के सामने लाना उनके लिए बेहद रोमांचक है। अक्षय के मुताबिक, शो की मल्टी-जेनरेशनल अपील और पहेलियां सुलझाने का मजा ही इसे ग्लोबल लेवल पर खास बनाता है।
उन्होंने यह भी कहा कि सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और SonyLIV की संयुक्त पहुंच से यह शो टीवी और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म्स पर दर्शकों को पहले से ज्यादा आकर्षित करेगा। ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ का ओरिजिनल फॉर्मेट 1970 के दशक में अमेरिका में लॉन्च हुआ था और अब तक इसे 60 से ज्यादा देशों में अपनाया जा चुका है। यह दुनिया के सबसे पहचाने जाने वाले टीवी फॉर्मेट्स में से एक है।
ये भी पढ़ें- हेमा मालिनी से पहले मुमताज को मिला था ऑफर, लेकिन इस कारण नहीं बनीं धर्मेंद्र की फिल्म का हिस्सा
अक्षय कुमार ने साल 2004 में ‘सेवन डेडली आर्ट्स’ से टीवी पर डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने ‘खतरों के खिलाड़ी’ के कई सीज़न (2008, 2009, 2011 और 2019) होस्ट किए। 2010 में वह ‘मास्टरशेफ इंडिया सीजन 1’ में जज भी रहे और 2022 में ‘इंडियाज अल्टीमेट वॉरियर’ की मेजबानी की। अब ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून इंडिया’ के साथ अक्षय कुमार का यह टीवी कमबैक दर्शकों के लिए एक नया और रोमांचक अनुभव लेकर आने वाला है।