चुनाव आयोग (सौजन्य-एएनआई)
मुंबई: महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव आयोग ने पूरी तैयारी कर ली है। चुनाव आयोग ने इस बार इस बात का खास ध्यान रखा है कि कोई भी वोट डालने से वंचित न रह जाए। इसके लिए खास योजनाएं भी बनाई गई है।
महाराष्ट्र में कल यानी बुधवार 20 नवंबर को महाराष्ट्र में एक ही चरण में 288 विधानसभा सीटों पर चुनाव होगा। मुंबई में कुल वोटर को संख्या 1,02,29,728 है। इनमें पुरूष वोटर की संख्या 5467361 है और महिला वोटरों की संख्या 4761265 है। इस दौरान मुंबई की 36 विधानसभा चुनाव क्षेत्रों में 10117 मतदान केंद्रों पर बुधवार को 10229708 वोटर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
लोकसभा चुनाव की तरह विधानसभा चुनाव के दौरान मुंबई में मतदान धीमा न हो इसके लिए जिला चुनाव कार्यालय ने व्यापक योजना तैयार की हैं। एक समय में मतदान केंद्र के अंदर एक मतदाता को जाने की अनुमति होगी। एक मतदाता को मतदान पूरा करने में 45 सेकंड से 1 मिनट का समय लगता है। मतदान केंद्रों पर कुर्सियां, बेंच और पीने के पानी की व्यवस्था की गई है। मुंबई में 76 महत्वपूर्ण मतदान केंद्र हैं।
संवेदनशील मतदान केन्द्र नहीं हैं। क्रिटिकल मतदान केंद्र वे होते हैं जहां मतदान प्रतिशत कम होता है। मतदान केंद्र पर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं है। मुंबई जिला चुनाव अधिकारी भूषण गगरानी ने कहा, “मतदान को बढ़ावा देने के लिए, कई रेस्तरां ने मतदाताओं को छूट की पेशकश की है और कुछ मल्टीप्लेक्स ने मतदाताओं के लिए एक खरीदो और एक टिकट मुफ्त पाओ की पेशकश की है।
मुंबई में विधानसभा चुनाव के लिए शहर पुलिस, होमगार्ड और केंद्रीय बलों के करीब 35,000 कर्मियों को बंदोबस्त ड्यूटी पर तैनात किया गया है। खुफिया जानकारी जुटाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष शाखा के कर्मी भी सक्रिय हैं। शहर पुलिस के पांच अतिरिक्त आयुक्त, 27 उपायुक्त, 77 सहायक आयुक्त, 2,475 पुलिस अधिकारी, 22,100 कांस्टेबल बंदोबस्त ड्यूटी पर लगाए गए हैं।
चुनाव आयोग से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
इसके अलावा दंगा नियंत्रण पुलिस (आरसीपी) की तीन टीमें, अतिरिक्त 5,360 कांस्टेबल, 6,200 होमगार्ड कर्मी, केंद्रीय रिजर्व पुलिस की दो दर्जन से अधिक कंपनियां (प्रत्येक में 100 से अधिक कर्मी) बंदोबस्त ड्यूटी पर हैं। त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी), आर्थिक अपराध शाखा, साइबर पुलिस, प्रशासनिक कार्यालय, शहर पुलिस की स्थानीय सशस्त्र शाखा आदि के कर्मियों को भी इसमें शामिल किया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि, शहर की पुलिस ने कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए एहतियाती कदम उठाए हैं और 8,088 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है।
वोटिंग के पहले मतदाताओं की बाईं तर्जनी पर स्याही लगाने के लिए राज्य में लगभग 2,20,520 स्याही की बोतलों का इंतजाम किया गया है। यह स्याही जिलेवार वितरित की जा रही है। राज्य के 288 विधानसभा क्षेत्रों में 1 लाख 427 मतदान केंद्र हैं। स्याही की बोतलों की संख्या 2 लाख 854 है यानी प्रत्येक मतदान केंद्र के लिए 2 स्याही की बोतल निर्धारित की गई है।
चुनाव आयोग की घोषणा, ‘कोई भी मतदाता पीछे न छूटे’ के अनुसार, मुंबई शहर जिला प्रशासन ने मुंबई शहर के दस विधानसभा क्षेत्रों में मतदान के दिन दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं को मतदान केंद्र तक ले जाने के लिए मुफ्त वाहन व्यवस्था की सुविधा प्रदान की है।
दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में निःशुल्क बस यात्रा हेतु दिव्यांग समन्वय अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। दिव्यांग मतदाताओं के लिए निःशुल्क बस सुविधा हेतु विधानसभा क्षेत्रवार समन्वयक अधिकारी का नाम एवं मोबाइल नंबर इस प्रकार है।
▶ ️ धारावी – अयाज़ शेख (9892270822)
▶ ️ सायन कोलीवाड़ा – विजय सालुंखे (8369532138)
▶ ️ वडाला – शैलेंद्र पवार (7303220905)
▶ ️ माहिम – रोशन पिंपले (8983041236)
▶ ️ वर्ली – ज्ञानेश्वर पाटिल (9422200176)
▶ ️ शिवडी – हेमलता भांगे (9967520165)
▶ ️ मालाबार हिल – स्वाति जिरांगे (9869024254)
▶ ️ मुंबादेवी – इंथाई पंचाल (9987048253)
▶ ️ कोलाबा – दत्तात्रेय कांबले (9137513832)
महाराष्ट्र विधानसभा से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…