सी.पी. मैथ्यू, फोटो- सोशल मीडिया
CP Mathew Kerala Congress Viral Video: केरल में 9 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव की वोटिंग से ठीक पहले एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने राज्य की राजनीति में भूचाल ला दिया है। इडुक्की जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सी.पी. मैथ्यू का एक विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे कथित तौर पर अपनी ही पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं को राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को फंसाने के लिए अपने कपड़े फाड़ने और झूठी शिकायतें दर्ज करने की सलाह दे रहे हैं।
यह घटना इडुक्की निर्वाचन क्षेत्र में यूडीएफ उम्मीदवार रॉय के. पॉलोस की एक चुनावी सभा के दौरान की बताई जा रही है। अब ये वीडियो सी.पी. मैथ्यू के गले की फांस बन गया है।
वीडियो में मैथ्यू को यह कहते सुना जा सकता है कि यदि राजनीतिक संघर्ष की स्थिति पैदा हो, तो महिला कार्यकर्ताओं को स्वयं अपना ब्लाउज फाड़ लेना चाहिए ताकि विपक्षी नेताओं के खिलाफ दर्ज मामले कानूनी रूप से अधिक मजबूत हो सकें।
“ഒരു രാഷ്ട്രീയ സംഘർഷത്തിന് സാധ്യതയുണ്ടായാൽ വനിത പ്രവർത്തകർ സ്വയം ബ്ളൗസ് വലിച്ച് കീറണം” എന്നൊക്കെ പറയുന്നത് പബ്ലിക്കായി പ്രസംഗിക്കാൻ മാത്രം വല്യ ക്രെഡിറ്റ് ഉള്ള കാര്യമാണ് എന്നാണ് ഇടുക്കി ജില്ലാ കോൺഗ്രസ് കമ്മിറ്റി പ്രസിഡന്റ് സി പി മാത്യു ധരിച്ച് വെച്ചിരിക്കുന്നത്…. 🤷🏽♂️ സ്വന്തം… pic.twitter.com/VijqFEePY6 — RINCE KURIAN (@rinse_kurian) April 5, 2026
मैथ्यू ने कथित तौर पर एक पुरानी घटना का भी जिक्र किया जहां उन्होंने एक महिला उप-प्रधान को आंदोलन के दौरान ऐसा ही करने का निर्देश दिया था। इसके अलावा, उन्होंने कानूनी प्रावधानों के दुरुपयोग की बात करते हुए कहा कि यदि महिला अनुसूचित जाति या जनजाति समुदाय से हो, तो संबंधित कानूनी धाराओं का उपयोग कर मामलों को और भी गंभीर बनाया जा सकता है।
चौंकाने वाली बात यह है कि जब मैथ्यू ये विवादित टिप्पणियां कर रहे थे, तब मंच पर केरल कांग्रेस के उपाध्यक्ष जेसन जोसेफ सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे और वे इन बातों को सुनकर मुस्कुराते नजर आए। सत्तारूढ़ सीपीआई(एम) (CPI-M) ने इस बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे चुनाव के दौरान हिंसा भड़काने और कानून के दुरुपयोग की सोची-समझी रणनीति बताया है। पार्टी का आरोप है कि कांग्रेस अपनी हार के डर से विरोधियों को झूठे मामलों में फंसाने की साजिश रच रही है ताकि चुनावी नतीजों को प्रभावित किया जा सके।
यह भी पढ़ें: मुसीबत में घिरे पवन खेड़ा, सुबह-सुबह घर पहुंची दिल्ली और असम पुलिस, होगी गिरफ्तारी?
मतदान से ऐन पहले इस विवाद ने कांग्रेस नेतृत्व को मुश्किल में डाल दिया है, हालांकि रिपोर्ट के अनुसार अब तक पार्टी की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। यह पहली बार नहीं है जब मैथ्यू विवादों में रहे हों; हाल ही में उन पर एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान अपनी ही पार्टी के एक कार्यकर्ता के साथ मारपीट करने का भी आरोप लगा था। अब इस नए वीडियो ने न केवल उनकी व्यक्तिगत छवि बल्कि आगामी चुनावों में कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन की संभावनाओं पर भी सवालिया निशान लगा दिए हैं।