Uber बुक की तो ड्राइवर सीट पर मिलीं चमेली! महिला कैब ड्राइवर की कहानी ने जीता लोगों का दिल
Female Uber Driver : दिल्ली-एनसीआर में पिछले सात साल से कैब चला रहीं महिला ड्राइवर चमेली का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो ने महिलाओं की सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और हिम्मत पर नई चर्चा छेड़ दी है।
- Written By: हितेश तिवारी
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Women Empowerment : कैब बुक करते समय ज्यादातर लोगों को ड्राइवर के तौर पर पुरुष का नाम ही दिखाई देता है, लेकिन दिल्ली-एनसीआर की एक महिला कैब ड्राइवर इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं। कंटेंट क्रिएटर महक धमेजा ने हाल ही में एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उनकी बुक की गई कैब की ड्राइवर सीट पर चमेली नाम की महिला बैठी नजर आती हैं।
महक वीडियो की शुरुआत में कहती हैं कि उन्हें यकीन नहीं हुआ जब कैब बुक करने पर महिला ड्राइवर मिलीं। इसके बाद दोनों के बीच हुई बातचीत ने हजारों लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया और वीडियो तेजी से वायरल हो गया।
महिला कैब ड्राइवर की प्रेरणादायक कहानी
बातचीत के दौरान चमेली बताती हैं कि वह पिछले सात वर्षों से दिल्ली-एनसीआर में कैब चला रही हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या इस पेशे में उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़ा, तो उन्होंने कहा कि शुरुआत में मुश्किलें जरूर थीं, लेकिन अब वह हर स्थिति का सामना करना जानती हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं के लिए लगभग हर क्षेत्र में चुनौतियां होती हैं। हालांकि, सुरक्षा कारणों से वह आज भी रात में ड्राइविंग नहीं करतीं। उनके अनुसार, दिल्ली में देर रात महिलाओं के लिए पूरी तरह सुरक्षित माहौल नहीं है।
परिवार के सहयोग पर उन्होंने बताया कि शुरुआत में घरवालों का समर्थन नहीं मिला, लेकिन वह उन्हें यह साबित करना चाहती थीं कि महिलाएं भी इस क्षेत्र में सफल हो सकती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने पूरे परिवार में ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने वाली पहली महिला हैं।
ये खबर भी पढ़ें : बेंगलुरु पार्क में जिम मशीन पर बुजुर्ग महिला ने किया खतरनाक स्टंट, VIDEO देख लोगों ने उठाए सुरक्षा के सवाल
प्रेरणादायक वीडियो ने जीता लोगों का दिल
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग चमेली की हिम्मत और आत्मनिर्भरता की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स ने लिखा कि पुरुष-प्रधान माने जाने वाले पेशों में महिलाओं को आगे बढ़ते देखना प्रेरणादायक है।
कुछ लोगों ने कहा कि ऐसी महिला ड्राइवर यात्रियों का भरोसा भी बढ़ाती हैं, जबकि कई यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि काश उनकी अगली कैब भी चमेली ही चलाएं। यह वीडियो महिलाओं के आत्मविश्वास और बदलते सामाजिक नजरिए की एक सकारात्मक मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।
