भाजपा गठबंधन कर सहयोगियों को हाशिये पर डालती है, महाराष्ट्र निकाय चुनाव पर कपिल सिब्बल का बयान
Kapil Sibal: राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल ने कहा कि भाजपा उन राज्यों में गठबंधन कर सहयोगियों को हाशिये पर डालती है, जहां उसका बहुमत नहीं है।
- Written By: आंचल लोखंडे
राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल (सोर्सः सोशल मीडिया)
New Delhi: राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल ने रविवार को कहा कि जिन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्ता में नहीं है या बहुमत में नहीं है, वहां उसकी रणनीति अन्य राजनीतिक दलों के साथ गठबंधन करना, सत्ता में आना और फिर उन्हें हाशिये पर धकेल देना है।
सिब्बल ने कहा कि यह रणनीति बिहार में सफल रही और अब महाराष्ट्र में इसे अपनाया जा रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “भाजपा की राजनीतिक रणनीति: जिन राज्यों में वे सत्ता में नहीं हैं या बहुमत में नहीं हैं, वहां अन्य राजनीतिक दलों से गठबंधन करो, सत्ता में आओ और फिर उन्हें हाशिये पर डाल दो।”
ठाकरे और पवार परिवारों के गढ़ में भी सेंध
महाराष्ट्र निकाय चुनाव में भाजपा ने 2,869 सीटों में से 1,425 सीट जीतकर बड़ी सफलता हासिल की। मुंबई और पुणे सहित एक दर्जन से अधिक नगर निगमों में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी। साथ ही पार्टी ने ठाकरे और पवार परिवारों के गढ़ में भी सेंध लगाई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के 227 सदस्यीय निकाय में भाजपा ने 89 सीटें जीतीं, जिससे ठाकरे परिवार का तीन दशक पुराना दबदबा खत्म हो गया।
सम्बंधित ख़बरें
बंगाल चुनाव: ममता की मुश्किलें बढ़ाने मैदान में उतरे राहुल गांधी, क्या पहुंचा पाएंगे TMC को नुकसान?
अमरावती के पीआई पर पत्नी को सड़क पर मारने का आरोप, डाबकी रोड पुलिस थाने में शिकायत
अंधश्रद्धा फैलाने वाले भोंदू बाबा गिरफ्तार, बच्चों पर अमानवीय प्रयोग, पुलिस ने अमरावती से पकड़ा
प्रतिबंधित प्लास्टिक और अस्वच्छता फैलाने वालों पर कार्रवाई, मनपा स्वच्छता विभाग ने वसूला 36 रु. हजार जुर्माना
शरद पवार को बीएमसी में केवल एक सीट मिली
भाजपा की सहयोगी शिवसेना ने 29 सीटें जीतीं, जबकि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उबाठा) को 65 सीटें मिलीं। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) को छह सीटें मिलीं। वंचित बहुजन आघाड़ी (वीबीए) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस ने 24 सीटें जीतीं। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) को आठ, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) को तीन, समाजवादी पार्टी को दो और राकांपा (शरद पवार) को बीएमसी में केवल एक सीट मिली।
भाजपा ने प्रमुख पार्टी के रूप में अपनी ताकत दिखाई
भाजपा ने नवी मुंबई में 65, कल्याण-डोंबिवली में 50, मीरा-भायंदर में 78, नासिक में 72, पनवेल में 55, पुणे में 119, पिंपरी-चिंचवड में 84, सोलापुर में 87, छत्रपति संभाजीनगर में 57, नांदेड में 45 और नागपुर में 102 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी का दर्जा हासिल किया। पुणे में भाजपा ने पवार परिवार को चौंकाते हुए 119 सीटें जीतीं, जबकि अजित पवार के नेतृत्व वाली राकांपा 27 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रही और राकांपा (शरद पवार) को सिर्फ तीन सीटें मिलीं। कांग्रेस को 15 सीटों से संतोष करना पड़ा। अंतिम परिणामों के अनुसार, 29 नगर निकायों में कुल 2,869 सीटों में भाजपा ने 1,425 सीटें जीतकर प्रमुख पार्टी के रूप में अपनी ताकत दिखाई।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
