

Delhi Crime News: दिल्ली में आनंद पर्वत हत्याकांड की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया। दिल्ली पुलिस ने इस हत्याकांड मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आनंद पर्वत में हुए इस मर्डर केस को दिल्ली पुलिस ने सिर्फ सात घंटे के अंदर सुलझा लिया।
इस मामले में पुलिस ने 19 साल के एक आरोपी को गिरफ्तार किया और 17 व 15 साल के दो नाबालिगों को पकड़ा। वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 22 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे आनंद पर्वत इलाके में एक व्यक्ति के चाकू मारे जाने की सूचना देने वाली PCR कॉल मिली। पुलिस थाना सिंह रोड की गली नंबर 16 में पहुंची, जहां 17 साल का एक लड़का घायल हालत में मिला। उसे जीवन माला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस वारदात को गंभीरता से लेते हुए एसएचओ इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र की देखरेख और एसीपी पटेल नगर सुनील कुमार के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम बनाई गई। टीम में इन्वेस्टिगेटिंग ऑफिसर (आईओ) इंस्पेक्टर रणवीर सिंह, एसआई दीपांशु, हेड कांस्टेबल शरवन, हेड कांस्टेबल हरीश, कॉन्स्टेबल सुरेश, राजेश और गिरधारी शामिल थे।
दिल्ली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर BNS की धारा 103(1) के तहत FIR दर्ज की गई और जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि CCTV फुटेज की जांच, टेक्निकल सर्विलांस और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से वारदात में शामिल तीनों लोगों की पहचान की गई। तीनों को आनंद पर्वत इलाके से ही पकड़ा गया।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, गली नंबर 16 से गुजरते समय आरोपी कथित तौर पर पीड़ित से टकरा गए थे, जिसके बाद बहस हुई और मामला चाकू मारने की घटना तक पहुंच गया। आरोपियों की पहचान आनंद पर्वत के रहने वाले 19 साल के तुषार और 17 व 15 साल के दो नाबालिगों के तौर पर हुई है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे गली नंबर 16 से जा रहे थे, तभी सामने से आ रहा पीड़ित उनसे गलती से टकरा गया। इसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते बढ़ गई और तीनों ने मिलकर पीड़ित पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।
डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि पुलिस की तत्परता और तकनीकी जांच से महज 7 घंटे में हत्या का मामला सुलझा लिया गया। आगे की जांच जारी है।