पहले कहो घोटाल हुआ फिर योजना को बंद कर दो, गरीबों की दुश्मन बनी दिल्ली सरकार

AAP नेता व दिल्ली में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा को यूपी-बिहार की महिलाओं से जलन है, वो महिलाओं को मुफ्त में बस में सफर नहीं करने देना चाहती, इसलिए अब पात्रता जोड़ रहे है।
भाजपा सरकार में यूपी-बिहार की महिलाओं की अनदेखी : सौरभ भारद्वाज
आप नेता सौरभ भारद्वाज व आतिशि (फोटो- @IANS)
Published on: 
Updated on: 

Delhi Free Bus Travel Scheme: आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भाजपा की दिल्ली सरकार पर महिलाओं की योजनाओं से भी जलन होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, “अगर गरीब महिला बस में मुफ्त सफर कर लेती है तो भाजपा को क्या दिक्कत है? योजना में घोटाले की बात कहकर इसे बंद करना छोटी मानसिकता का परिचायक है।”

उन्होंने सवाल उठाया, “अगर कोई महिला नोएडा से चढ़कर एम्स जा रही है, तो उससे टिकट लिया जाएगा क्या? आपने महिलाओं को जीवनभर का पास देने की योजना बनाई है, लेकिन अब उसमें पात्रता जोड़ रहे हैं कि वह दिल्ली निवासी होनी चाहिए। इससे यूपी-बिहार की गरीब महिलाओं को वंचित किया जा रहा है।”

घोटाले के नाम पर BJP योजनाओं को बंद कर रही

जय भीम मुख्यमंत्री प्रतिभा विकास योजना को लेकर भी भारद्वाज ने भाजपा को घेरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस योजना को बंद करने की कोशिश सिर्फ इसलिए की जा रही है क्योंकि यह दलितों के लिए थी। उन्होंने कहा, “सबसे आसान तरीका है पहले कहो कि घोटाला हुआ है, फिर योजना को बंद कर दो।”

आम आदमी पार्टी से भाजपा में शामिल होकर चुनाव जीते कैलाश गहलोत को भी लपेटे में लेकर उन्होंने कहा कि पूर्व आप मंत्री कैलाश गहलोत पर अगर कोई जांच करनी है तो भाजपा सरकार करा सकती है। उन्होंने कहा, अब वह भाजपा में हैं, तो जांच क्यों नहीं करवाते?

एसी खरीद के आरोपों पर भी बोलो भारद्वाज

आशीष सूद द्वारा आप नेताओं पर मोबाइल और एसी की खरीद को लेकर लगाए गए आरोपों पर भी सौरभ भारद्वाज ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “अगर हम खरीद रहे थे तो आप भी खरीद लेते। आपने खुद लिमिट बढ़ा दी। रेखा गुप्ता से भी पूछा गया कि अगर 14 एसी की जरूरत है तो ले लीजिए, अगर नहीं है तो बताइए। ये मुद्दे सिर्फ ध्यान भटकाने के लिए उठाए जा रहे हैं।”

यात्रियों को पिंक स्लिप देने में कैसा भ्रष्टाचार

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री ने आज पिंक कार्ड की बात की है, जिसमें उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों को यह पास मिलेगा। दिल्ली की हर कल्याणकारी योजना को घोटाला बताकर बंद किया जा रहा है। कंडक्टर यात्रियों को पिंक स्लिप देता है, इसमें भ्रष्टाचार कैसा? बसों का किराया किलोमीटर के हिसाब से होता है। इसमें घोटाला कैसे होगा? उन्होंने कहा, 'अगर महिलाओं को पास देने की प्रथा शुरू हो गई, तो इसमें भ्रष्टाचार होगा। गरीब लोगों के लिए अपनी पात्रता साबित करना मुश्किल हो जाएगा। बिहार और यूपी के लोग इस योजना से वंचित रह जाएँगे। सरकार की मानसिकता छोटी है। भाजपा गरीबों के हितों को कैसे खत्म किया जाए, इसी में लगी हुई है।'

(ऐजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com