नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी के सांसद अनुराग ठाकुर ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस दोनों पर तीखा हमला करते हुए दावा किया कि दिल्ली के लोग धोखा महसूस कर रहे हैं और दोनों पार्टियों ने अपने शासन में उन्हें लूटा है। आप 2013 के दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद से सत्ता में है, उससे पहले कांग्रेस की शीला दीक्षित ने 15 साल तक मुख्यमंत्री के रूप में सरकार का नेतृत्व किया था।
अनुराग ठाकुर ने बीते रविवार को संवाददाताओं से कहा, “दिल्ली के लोगों ने कांग्रेस और आप दोनों का शासन देखा है। दोनों पार्टियों ने मिलकर दिल्ली को लूटा है और पहली बार दिल्ली का खजाना डूबा है।” दोनों पार्टियों की आलोचना करते हुए उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने आप के साथ समझौता कर लिया है। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी कहीं नजर नहीं आ रहे हैं। शायद कांग्रेस किसी तरह के समझौते पर पहुंच गई है। सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी दिल्ली में चुनाव से क्यों भाग रहे हैं? वे यूपी और बिहार जा रहे हैं, लेकिन दिल्ली कांग्रेस के लिए खड़े नहीं हो रहे हैं।”
भाजपा सांसद ने दोहरी सुरक्षा की मांग करने के लिए अरविंद केजरीवाल की आलोचना करते हुए कहा, “जो व्यक्ति कुछ साल पहले XXL शर्ट पहनकर राजनीति में आया था, वह अब दोहरी सुरक्षा की मांग कर रहा है। जो व्यक्ति राजनीति की ABC सिखाने और इसे हमेशा के लिए बदलने आया था, वह अब Z++ श्रेणी की सुरक्षा के साथ घूम रहा है।”
दिल्ली चुनाव की अन्य खबरें पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें…
आपको जानकारी के लिए बताते चलें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव 5 फरवरी को होना है और मतों की गिनती 8 फरवरी को की जाएगी। इस बार राष्ट्रीय राजधानी की 70 विधानसभा सीटों के लिए कुल 699 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। दिल्ली में लगातार 15 साल तक सत्ता में रही कांग्रेस को पिछले दो विधानसभा चुनावों में झटका लगा है और वह एक भी सीट नहीं जीत पाई है। इसके विपरीत, आप ने 2015 और 2020 के विधानसभा चुनावों में कुल 70 सीटों में से 67 और 62 सीटें जीतकर अपना दबदबा बनाया, जबकि भाजपा को इन चुनावों में केवल तीन और आठ सीटें ही हासिल हुईं थी।