खूंखार सीरियल किलर सोहराब फरार, तिहाड़ जेल में मचा हड़कंप, SSP को दिया था चैलेंज

सोहराब तीन दिन की पैरोल पर तिहाड़ से बाहर आया था। लखनऊ में पत्नी से मिलने के बाद सोहराब को दिल्ली की तिहाड़ जेल पहुंचना था, लेकिन वह नहीं पहुंचा।
खूंखार सीरियल किलर सोहराब फरार, तिहाड़ जेल में मचा हड़कंप, SSP को दिया था चैलेंज
खूंखार सीरियल किलर सोहराब फरार (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

नई दिल्ली: दिल्ली की तिहाड़ जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा सीरियल किलर सोहराब फरार हो गया है। सोहराब तीन दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया था, लेकिन वापस जेल नहीं लौटा। जेल प्रशासन लखनऊ पुलिस के सहयोग से सोहराब की तलाश कर रहा है।

मिली जानकारी के मुताबिक सोहराब तीन दिन की पैरोल पर तिहाड़ से बाहर आया था। लखनऊ में पत्नी से मिलने के बाद सोहराब को दिल्ली की तिहाड़ जेल पहुंचना था, लेकिन वह नहीं पहुंचा। इससे जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और उसकी तलाश शुरू कर दी गई। जेल प्रशासन ने लखनऊ पुलिस से संपर्क कर सोहराब की बरामदगी के प्रयास तेज कर दिए।

कितना ख़तरनाक है सोहराब?

सोहराब एक खतरनाक अपराधी और सीरियल किलर है। उसने कई हत्याएं की हैं। सोहराब ने समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान लखनऊ के सआदतगंज में पूर्व सांसद शफीकुर्रहमान बर्क के पोते की भी हत्या कराई थी। सोहराब ने लखनऊ के अमीनाबाद में भाजपा पार्षद पप्पू पांडेय की हत्या शूटर से करवाई थी।

भाई के हत्यारों को दी मौत

मामला वर्ष 2005 का है। सोहराब के छोटे भाई शहजादे की लखनऊ के हुसैनगंज में हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद से ही सोहराब और उसके दो भाई उसकी हत्या की फिराक में थे। तीनों ने एक साल बाद रमजान में अपने भाई की हत्या का बदला लिया। भाई की हत्या के एक साल बाद ईद के दिन तीनों भाइयों सोहराब, सलीम और रुस्तम ने भाई के हत्यारों को मौत के घाट उतार दिया।

एसएसपी को दिया चैलेंज

हत्या करने से पहले सोहराब ने लखनऊ के तत्कालीन एसएसपी को फोन कर कहा कि वह अपने भाई की मौत का बदला लेने जा रहा है, रोक सको तो रोक लो। इसके बाद तीनों ने ईद के दिन भाई के हत्यारों को मौत के घाट उतार दिया। जिसके बाद से वह और उसके भाई तिहाड़ में कैद थे।

अब सोहराब पैरोल पर बाहर आ गया, लेकिन पैरोल अवधि खत्म होने के बाद भी तिहाड़ नहीं पहुंचा। जब इस मामले की जानकारी जेल प्रशासन को हुई तो वे घबरा गए। तिहाड़ जेल प्रशासन ने तुरंत लखनऊ पुलिस से संपर्क किया और सोहराब की तलाश शुरू कर दी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com