पंचकूला में बुराड़ी पार्ट-2…बागेश्वर धाम की हनुमंत कथा सुनकर लौटे 7 लोगों ने किया सुसाइड, सामने आई हैरान करने वाली वजह
हरियाणा के पंचकूला से सोमवार देर रात दिल्ली के बुराडी जैसा सुसाइड कांड सामने आया है। इस घटना में एक ही परिवार के सात लोगों ने कार में जहर खाकर जान दे दी है।
- Written By: अभिषेक सिंह
पंचकूला में 7 लोगों ने की आत्महत्या (सोर्स- सोशल मीडिया)
पंचकूला: हरियाणा के पंचकूला से सोमवार देर रात बुराड़ी जैसा सुसाइड कांड सामने आया है। सभी लोग घर के बाहर खड़ी कार में दर्द से तड़प रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। सभी लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जिसमें 6 लोगों की सेक्टर 26 के निजी अस्पताल और एक की सेक्टर 6 के सरकारी अस्पताल में मौत हो गई।
परिवार मूल रूप से उत्तराखंड का रहने वाला है। मृतकों में प्रवीण मित्तल, उनकी पत्नी, बुजुर्ग माता-पिता और 3 बच्चे शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक प्रवीण मित्तल ने कुछ समय पहले देहरादून में टूर एंड ट्रैवल का कारोबार शुरू किया था। वहां उन्हें घाटा हो गया। इससे परेशान होकर पूरे परिवार ने यह कदम उठाया।
हनमंत कथा सुनकर लौटा था परिवार
यह भी जानकारी मिली है कि देहरादून निवासी प्रवीण मित्तल अपने परिवार के साथ पंचकूला में आयोजित बागेश्वर धाम के हनुमान कथा कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद लौटते समय उन्होंने सामूहिक आत्महत्या का यह कदम उठाया। मृतकों में देहरादून निवासी 42 वर्षीय प्रवीण मित्तल, प्रवीण के माता-पिता, प्रवीण की पत्नी और 2 बेटियों व एक बेटे समेत तीन बच्चे शामिल हैं।
सम्बंधित ख़बरें
हरियाणा में क्लर्क के 1265 पदों पर भर्ती शुरू, ग्रेजुएट उम्मीदवारों के लिए सुनहरा मौका
जयपुर में ट्विशा जैसा केस, XEN पति के टॉर्चर से परेशान पत्नी ने लगाई फांसी, प्रताड़ना का वीडियो आया सामने
Gwalior News: नवविवाहिता की खुदकुशी के 2 दिन बाद ही पति ने भी लगाई फांसी, सुसाइड नोट नहीं मिलने से उलझा मामला
कमरे में लटके मिले पति-पत्नी, बिस्तर पर पड़े थे मासूम…दुर्ग में दिल दहला देने वाली घटना, मंजर देख कांप उठे लोग
कैसे मिली घटना की जानकारी
सोमवार रात करीब 11 बजे डायल 11 पर सूचना मिली कि सेक्टर 27 में मकान नंबर 1204 के सामने कार में बैठे लोगों ने जहर खा लिया है। उनकी हालत काफी गंभीर है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वहां कार में 6 लोग बेहोश मिले। उन्हें तुरंत सेक्टर 26 स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। कुछ देर बाद पुलिस को सूचना मिली कि उसी घर से एक और व्यक्ति गंभीर हालत में बाहर आया है। पुलिस टीम उसे इलाज के लिए सेक्टर 6 स्थित सरकारी अस्पताल ले गई। कुछ देर में सभी सात लोगों की मौत हो गई।
क्या बोलीं डीसीपी हिमाद्री कौशिक
सूचना मिलते ही डीसीपी हिमाद्री कौशिक, एसीपी विक्रम नेहरा, एसीपी अरविंद कांबोज के अलावा वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीसीपी हिमाद्री कौशिक ने बताया कि पूरे परिवार ने आत्महत्या की है। सभी की पहचान हो गई है। पुलिस टीमें कारणों का पता लगा रही हैं। परिवार के अन्य सदस्यों को घटना की जानकारी दे दी गई है। पूरे मामले की विस्तृत जांच की जाएगी।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि प्रवीण मित्तल पर कुछ सालों से काफी कर्ज था। उन्होंने देहरादून में टूर एंड ट्रैवल का कारोबार शुरू किया था, लेकिन यह नहीं चला। इसके बाद परिवार कर्ज के बोझ तले दब गया। आर्थिक तंगी इतनी बढ़ गई कि घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया। इसके चलते वह काफी परेशान रहता था।
