परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाए आरोप (सौ. IANS)
Accused Of Murdering A Newlywed Woman: झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत चैनपुर थाना क्षेत्र के करसो गांव में 21 वर्षीया पुनीता देवी का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला। उसकी शादी मात्र 13 महीने पहले राकेश कुमार नामक युवक से हुई थी। पुनीता के मायके वालों ने उसके पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
चैनपुर थाना पुलिस ने रविवार को मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेजा है। पुनीता के चाचा संतू मेहता ने बताया कि शादी के समय चार लाख रुपए नकद और एक पल्सर बाइक दी गई थी, फिर भी उसका पति राकेश कुमार लगातार पैसे की मांग करता था। वह पुनीता के साथ मारपीट करता था।
उन्होंने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया और इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। बताया गया कि पुनीता की मौत शनिवार की रात हुई, लेकिन घटना की सूचना उसके मायके के लोगों को समय पर नहीं दी गई। जब गांव के कुछ लोग करसो पहुंचे, तब जाकर उन्हें इस वारदात की जानकारी मिली। उस समय तक शव फंदे से उतारा जा चुका था।
मायके पक्ष ने इस मामले में पति राकेश कुमार, देवर पिंटू, ननद, नंदोई और सास पर हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यह एक सोची-समझी साजिश है और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की है।
ये भी पढ़ें : आधी रात मौत बनकर आया तेंदुआ, शादी के पंडाल से दबोच कर ले गया! VIDEO देख दहल जाएगा दिल
चैनपुर थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिली है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल ससुराल पक्ष के सभी सदस्यों से पूछताछ की जा रही है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)