नई दिल्ली: दोस्त के लाइफस्टाइल से प्रभावित होकर की थी डकैती, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 15 लाख बरामद

Crime news: 60 लाख की डकैती के मामले में दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही आरोपी के पास से लूट के 15 लाख रुपए भी बरामद कर लिए है।
नई दिल्ली: दोस्त के लाइफस्टाइल से प्रभावित होकर की थी डकैती, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 15 लाख बरामद
डकैती का मुख्य आरोपी गिरफ्तार (सौजन्य IANS)
Published on
Updated on

Main Accused Of Robbery Arrested:  दिल्ली पुलिस ने डकैती के मामले को सुलझाते हुए मुख्य आरोपी गगन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से लूटी गई 15 लाख रुपए की नकदी भी बरामद की है। इस घटना में शिकायतकर्ता से 60 लाख रुपए की लूट हुई थी।

पुलिस को सूचना मिली थी कि 8 सितंबर को प्रसाद नगर थाना क्षेत्र में लूट की घटना हुई है। शिकायतकर्ता ने बताया था कि वह अपने सहकर्मी के साथ 60 लाख रुपए लेकर स्कूटी से जा रहे थे, तभी धोबी घाट, करोल बाग के पास चार अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया।

चाकू मारकर की थी लूट

शिकायतकर्ता ने बताया कि हमलावरों ने चाकू मारकर उन्हें घायल कर दिया और नकदी लेकर फरार हो गए थे। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर लिया था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अपराध की गंभीरता को देखते हुए एक संयुक्त टीम का गठन किया गया।

पुलिस ने करीब 100 CCTV कैमरों की जांच की

टीम ने रास्ते के करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें आरोपी भागते हुए दिखाई दिए। इसके बाद टीम ने जांच शुरू की और रास्तों की पड़ताल की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी गगन लगातार अपनी जगह बदल रहा था। पुलिस ने उसे दिल्ली से लेकर मथुरा, आगरा, झांसी (उत्तर प्रदेश), ग्वालियर और ओरछा (मध्य प्रदेश) तक ट्रैक किया। लंबी खोज के बाद उसे आनंद पर्वत, दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया।

दोस्त के लाइफस्टाइल से प्रभावित होकर की डकैती

पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने फाइनेंसर दोस्त साहिब उर्फ ​​रफ्तार की विलासिता भरी जिंदगी से प्रभावित था। साहिब ने ही डकैती की योजना बताई। वह शिकायतकर्ता की गतिविधियों पर नजर रखे हुए था। इसके बाद गगन ने साहिब से अपने साथियों, रिक्की, नॉडी, निखिल और सुनील को मिलवाया। इन सभी ने मिलकर डकैती को अंजाम दिया।

फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

लूट के बाद साहिब ने गगन को उसके हिस्से के 15 लाख रुपए दिए, जबकि बाकी आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने गगन को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, फरार आरोपियों और लूटी गई शेष राशि की तलाश जारी है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com