

62 वर्षीय जमीन कारोबारी को धमकाने का आरोप।
अनवर ढेबर, कुबेर राठी सहित 6 लोगों पर FIR दर्ज।
लाभांडी स्थित लगभग 2.60 लाख वर्गफीट जमीन का हुआ था सौदा।
करीब 40 हजार वर्गफीट जमीन की रजिस्ट्री का मामला।
Raipur Police FIR Against Anwar Dhebar in Blackmail Case: राजधानी रायपुर में जमीन के कारोबार से जुड़े विवाद ने अब आपराधिक मामले का रूप ले लिया है। 62 वर्षीय जमीन कारोबारी को कथित तौर पर चार करोड़ रुपये देने के लिए दबाव बनाने, ब्लैकमेल करने, मारपीट करने और परिवार सहित जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। कालीबाड़ी निवासी बलिराम धरमानी की शिकायत पर पुलिस ने अनवर ढेबर, कुबेर राठी सहित छह लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस मामले में संदीप अग्रवाल, आसिफ मेमन, नागेंद्र पांडेय और विवेक जोशी उर्फ मोंटी जोशी के नाम भी आरोपियों में शामिल हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2), 351(3), 296, 115(2), 61(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। शिकायत के अनुसार, आरोपियों पर चार करोड़ रुपये की मांग को लेकर आपराधिक साजिश रचने, दबाव बनाने और धमकाने का आरोप है।
FIR में दर्ज शिकायत के मुताबिक इस पूरे विवाद की जड़ वर्ष 2018 में हुआ जमीन का एक सौदा है। बलिराम धरमानी ने बोरड परिवार की लाभांडी स्थित लगभग 2.60 लाख वर्गफीट जमीन का सौदा किया था। इस सौदे के तहत करीब 40 हजार वर्गफीट जमीन की रजिस्ट्री उनके नाम कराई गई थी, जबकि बाकी जमीन के लिए एग्रीमेंट किया गया था। हालांकि बाद में बोरड परिवार के सदस्यों के बीच आपसी विवाद सामने आने के कारण शेष जमीन की रजिस्ट्री नहीं हो सकी। इसके बाद जमीन के सौदे को लेकर विवाद बढ़ता गया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जमीन से जुड़े इसी विवाद को आधार बनाकर उनसे चार करोड़ रुपये की मांग की गई। रकम नहीं देने पर कथित तौर पर ब्लैकमेलिंग, मारपीट और पूरे परिवार को खत्म करने की धमकियां दी गईं। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। FIR में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। अब सवाल यह है कि 2018 में हुए जमीन के सौदे से शुरू हुआ विवाद आखिर चार करोड़ रुपये की कथित मांग और परिवार को जान से मारने की धमकी तक कैसे पहुंचा? पुलिस की जांच में इस पूरे घटनाक्रम की परतें खुलने की उम्मीद है।