Nagpur News: कोयला और ट्रांसपोर्टर कारोबारी पर IT रेड, जमीन सौदे से भी जुड़े तार

IT raid on Coal Businessman
Published on: 
Updated on: 

नागपुर. कोयला और ट्रांसपोर्टर कारोबारी पर बुधवार को हुई छापेमारी का दायरा गुरुवार को और बढ़ गया. भंडारा के साथ ही चंद्रपुर और नागपुर में कुछ नये स्थानों की भी तलाश ली गई है. सूत्रों का कहना है कि ट्रांसपोर्टर ने सैकड़ों करोड़ में एक जमीन का सौदा किया था जिसे लेकर भी काफी पूछताछ हो रही है. 250-300 करोड़ के जमीन सौदे को विभाग काफी गंभीरता से ले रहा है. इस बीच कोयला कारोबारी के यहां पर भी छापेमारी जारी रही और इसके और फैलने की संभावना जताई जा रही है.

बुधवार को वर्धमाननगर, कलमना रोड और एचबी टाउन संगीता सेल्स के मालिक अनंत अग्रवाल और अरुण अग्रवाल के यहां पर मुख्य रूप से छापेमारी हुई थी. इसके साथ ही सप्रा ट्रांसपोर्ट के संचालक अनिल सप्रा और चड्ढा को भी इसमें शामिल किया गया था. दोनों ही ट्रांसपोर्टर कोयला सेक्टर में ट्रांसपोर्टर में बड़ा नाम हैं. शहर के कई बड़े कारोबारी के लिए यही दोनों परिवहन का काम करते हैं, इसलिए इनका दायरा काफी फैला हुआ है. चंद्रपुर और वणी में भी कई स्थानों पर छापेमारी की गई.  कागजात मिलने के बाद इसका दायरा बढ़ाया गया है. 

जमीन सौदा बना मुख्य बिंदु 

आयकर विभाग को एक बड़े जमीन सौदे की जानकारी मिली है. सूत्रों की मानें तो यह सौदा कम से कम 250-300 करोड़ रुपये का है. ट्रांसपोर्टर चड्ढा ने सौदा कर जमीन को दूसरे को पलटी कर दी थी. इसमें पैसे का काफी घालमेल होने की जानकारी सामने आ रही है. सौदा कैसे हुआ, किस पैसे से किया गया है इसकी गंभीरता से छानबीन शुरू है. यही कारण है कि पूरा दिन आयकर विभाग के अधिकारी इस मुद्दे पर जुटे रहे. इसके बाद मिले लिंक के आधार पर भंडारा को भी सर्च में शामिल किया गया है. 

और बढ़ेगा दायरा

सूत्रों की मानें तो ट्रांसपोर्टर और कोयला कारोबारियों के बीच जिस प्रकार के संबंधों का पता चल रहा है, उससे यही लग रहा है कि आने वाले दिनों में इसका दायरा और बढ़ सकता है. कई और बड़े कोयला कारोबारियों पर गाज गिरने की संभावना भी जताई जाने लगी है.