प्रयागराज में भू-माफियाओं का 'नो रजिस्ट्री' खेल बेनकाब, किसानों की जमीन पर अवैध प्लॉटिंग; पीडीए ने कसा शिकंजा

Prayagraj Land Mafia:किसानों की जमीन पर बिना रजिस्ट्री कब्जा कर अवैध प्लॉटिंग करने वाले भू-माफियाओं का खेल सामने आया है। PDA ने ऐसे करीब 20 भू-माफियाओं की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर है।
Land mafia's no-registry racket exposed in Prayagraj; illegal plotting on farmers' land; PDA tightens the screws.
प्रयागराज विकास प्राधिकरण (सोर्स-फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Prayagraj Development Authority Action: प्रयागराज में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच अब एक नया और चौंकाने वाला खेल सामने आया है। शहर और आसपास के इलाकों में सक्रिय भू-माफिया किसानों को उनकी जमीन का अच्छा दाम देने का लालच देकर बिना रजिस्ट्री कराए ही जमीन अपने कब्जे में ले रहे हैं। इसके बाद उसी जमीन की अवैध प्लॉटिंग कर मोटा मुनाफा कमाया जा रहा है। इस पूरे नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने ऐसे भू-माफियाओं की सूची तैयार करनी शुरू कर दी है।

साधारण एग्रीमेंट के जरिए करते है जमीन पर कब्जा

जानकारी के अनुसार, भू-माफिया पहले किसानों से चंद रुपयों के स्टांप या साधारण एग्रीमेंट के जरिए जमीन का कब्जा ले लेते हैं। इसके बाद जमीन को छोटे-छोटे प्लॉटों में बांटकर ऊंचे दामों पर बेच देते हैं। जब किसी खरीदार को प्लॉट की रजिस्ट्री करानी होती है, तब सीधे किसान और खरीदार के बीच रजिस्ट्री कराकर भू-माफिया स्वयं को कानूनी विवादों से अलग कर लेते हैं। इस प्रक्रिया में उन्हें रजिस्ट्री का खर्च भी नहीं उठाना पड़ता और भारी मुनाफा भी हो जाता है।

कई स्थानों पर बसाई गई अवैध कॉलोनियां

यदि भविष्य में जमीन को लेकर कोई विवाद या मुकदमा सामने आता है तो मामला किसान और खरीदार के बीच ही चलता है, जबकि पूरा खेल संचालित करने वाले भू-माफिया सुरक्षित निकल जाते हैं। इसी तरीके का इस्तेमाल कर कई स्थानों पर अवैध कॉलोनियां बसाई गई हैं।

पीडीए उपाध्यक्ष त्रिभुवन ने बताया कि अवैध प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। राजस्व विभाग के साथ मिलकर ऐसे लोगों की पहचान की जा रही है, जो किसानों से जमीन लेकर नियमों के विपरीत प्लॉटिंग कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, करीब 20 सक्रिय भू-माफियाओं की सूची तैयार कर ली गई है, जिनके खिलाफ जल्द अभियान चलाया जाएगा।

हाल के दिनों में पीडीए ने माफिया अतीक अहमद से जुड़े लोगों की अवैध प्लॉटिंग पर भी बड़ी कार्रवाई की है। पिछले चार दिनों में 111 बीघे से अधिक क्षेत्र में विकसित की गई अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त किया गया। अधिकारियों का कहना है कि अवैध कॉलोनियों और भू-माफियाओं के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि किसानों की जमीन की खरीद-फरोख्त में पारदर्शिता बनी रहे और आम लोगों को धोखाधड़ी का शिकार न होना पड़े।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com