

गुढ़ियारी गोगांव के दिवाकर अस्पताल का नर्सिंग लाइसेंस निरस्त का नोटिस हुआ जारी।
बच्चों की खरीद फरोख्त मामले में अभी तक एक डॉक्टर समेत सात आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है
नवजात शिशुओं की तस्करी का नेटवर्क आठ राज्यों तक फैला है।
Infant Trafficking Case Chhattisgarh: बच्चों की खरीदी-बिक्री के मामले में गोगांव के दिवाकर अस्पताल का नर्सिंग लाइसेंस निरस्त करने के लिए कलेक्टर ने नोटिस जारी कर दिया है। नियमानुसार लाइसेंस कैंसिल करने के लिए 30 दिन पहले नोटिस जारी किया गया है। तय समय में नोटिस का जवाब नहीं मिलने या संतोषजनक कारण नहीं मिलने पर लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा।
अभी तक एक डॉक्टर समेत सात आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। नवजात शिशुओं की तस्करी का नेटवर्क आठ राज्यों तक फैला है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने नोटिस में कहा है कि प्रारंभिक पुलिस जांच और सामने आए तथ्यों के आधार पर अस्पताल के खिलाफ कई गंभीर आरोप सामने आए हैं।
अस्पताल में नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त के लिए फर्जी डिस्चार्ज टिकट और दस्तावेज तैयार हो रहे थे। इसके लिए अस्पताल का लैटरहेड, सील और पंजीयन नंबर का दुरुपयोग किया गया। नोटिस में अस्पताल के डॉक्टर डॉ. खिर सिंधु महानंद समेत तीन आरोपियों प्रकाश कुमार कोरव एवं अश्वनी शर्मा को जेल भेजने का भी जिक्र है।
बीते सप्ताह रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त करने वाले संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश हुआ था। इस सनसनीखेज मामले में तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती जांच में गिरोह का नेटवर्क छत्तीसगढ़ से बाहर ओडिशा, हैदराबाद और अहमदाबाद समेत देश के कई राज्यों तक फैला होने के संकेत मिले हैं। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह गरीब परिवारों और सामाजिक परिस्थितियों के कारण गर्भावस्था छिपाने को मजबूर महिलाओं को अपना निशाना बनाता था।
जांच में सामने आया है कि गिरोह की महिलाएं जरूरतमंद गर्भवती महिलाओं को नि:शुल्क प्रसव और अस्पताल में बेहतर उपचार कराने का झांसा देती थीं। खासकर अवैध संबंधों से गर्भवती हुई महिलाओं को अपने जाल में फंसाकर उनसे नवजात शिशु हासिल कर लिए जाते थे। इसके बाद इन बच्चों को कथित तौर पर इच्छुक दंपत्तियों को मोटी रकम लेकर बेच दिया जाता था।