2800 नहीं, 4800 ग्रेड पे चाहिए, सूरजपुर में नर्सिंग स्टाफ हड़ताल पर, मरीजों की बढ़ी परेशानी

Chhattisgarh Nursing Staff Strike : प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की जिम्मेदारी संभालने वाला नर्सिंग स्टाफ अब अपनी मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई के मूड में है। नर्सिंग कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं।
Nursing Staff Strike
छत्तीसगढ़ नर्सिंग कर्मचारीसोर्स- नवभारत लाइव
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • ग्रेड पे बढ़ाने की मांग को लेकर नर्सिंग स्टाफ अनिश्चितकालीन हड़ताल पर।

  • 2800 की जगह 4800 ग्रेड पे देने की प्रमुख मांग।

  • तीन दिन अस्पतालों में प्रदर्शन फिर रायपुर में होगा घेराव।

  • हड़ताल से ऑपरेशन और स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने की आशंका।

  • टीएस सिंहदेव बोले- सरकार बातचीत कर कर्मचारियों की समस्या सुलझाए।

Chhattisgarh Surajpur Nursing Staff Strike : प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की जिम्मेदारी संभालने वाला नर्सिंग स्टाफ अब अपनी मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई के मूड में है। नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन के बैनर तले बुधवार से नर्सिंग कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। कर्मचारियों की इस हड़ताल का असर अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ने लगा है।

मरीजों की परेशानी बढ़ने के साथ ही ऑपरेशन और दूसरी जरूरी चिकित्सा सेवाओं पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अस्पताल प्रबंधन का दावा है कि वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए सेवाएं सुचारू रखी जा रही हैं।

2800 ग्रेड पे से नाराज नर्सिंग स्टाफ, 4800 की मांग पर अड़े

नर्सिंग कर्मचारियों की सबसे प्रमुख मांग ग्रेड पे में बढ़ोतरी की है। एसोसिएशन का कहना है कि चार वर्षीय डिग्री पाठ्यक्रम पूरा करने के बावजूद नर्सिंग कर्मचारियों को केवल 2800 ग्रेड पे दिया जा रहा है। कर्मचारियों की मांग है कि इसे बढ़ाकर 4800 किया जाए। यदि 4800 ग्रेड पे देना संभव नहीं है तो पहले से तैयार 4400 ग्रेड पे के प्रस्ताव को मंजूरी दी जाए।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से मांगों को लेकर आवाज उठाई जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। इसी नाराजगी के चलते कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने का फैसला लिया है।

तीन दिन अस्पतालों में प्रदर्शन फिर रायपुर में होगा घेराव

आंदोलन की रणनीति के तहत शुरुआती तीन दिनों तक नर्सिंग कर्मचारी अस्पताल परिसर में प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद सभी कर्मचारी राजधानी रायपुर पहुंचकर मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री का घेराव करेंगे। आंदोलनरत कर्मचारियों ने साफ कह दिया है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।

कर्मचारियों ने यह भी चेतावनी दी है कि हड़ताल के दौरान मरीजों को किसी तरह की परेशानी या अप्रिय स्थिति का सामना करना पड़ता है तो इसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

वैकल्पिक व्यवस्था से चलेंगी सेवाएं

नर्सिंग कर्मचारियों की हड़ताल को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने वैकल्पिक व्यवस्था करने की बात कही है। अस्पताल अधीक्षक डॉ. आरसी आर्या के मुताबिक अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से संचालित की जा रही हैं। आने वाले दिनों में आंदोलन के विस्तार को देखते हुए भी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।

Nursing Staff Strike
छत्तीसगढ़ में 4 IAS अफसरों की पदोन्नति, CM के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह ACS पद पर प्रमोट
T. S. Singh Deo
छत्तीसगढ़ नर्सिंग कर्मचारीसोर्स- नवभारत लाइव

टीएस सिंहदेव बोले- सरकार को कर्मचारियों से करनी चाहिए बातचीत

नर्सिंग कर्मचारियों की हड़ताल पर पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अलग-अलग कर्मचारी वर्ग अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। सरकार को इनकी समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए और बातचीत के जरिए समाधान निकालना चाहिए।

आश्वासन के बाद भी मांगें अधूरी, अब आर-पार की लड़ाई

नर्सिंग कर्मचारियों का कहना है कि इससे पहले भी हड़ताल के बाद स्वास्थ्य मंत्री की ओर से आश्वासन दिया गया था, लेकिन मांगों पर अमल नहीं हुआ। यही वजह है कि इस बार कर्मचारी केवल आश्वासन से संतुष्ट होने के मूड में नहीं हैं।

फिलहाल हड़ताल कब खत्म होगी, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। यदि सरकार और नर्सिंग एसोसिएशन के बीच सहमति नहीं बनती है तो आने वाले दिनों में अस्पतालों की व्यवस्था पर दबाव बढ़ सकता है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि ग्रेड पे की मांग पर सरकार कब फैसला लेगी और मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं में परेशानी से कब राहत मिलेगी।

Nursing Staff Strike
दुर्ग में मंत्री यादव के चार आरोपियों को उम्रकैद, ढाई साल बाद आया अदालत का बड़ा फैसला