छत्तीसगढ़ के किसानों को अलर्ट, फसल बर्बादी पर 72 घंटे में करें शिकायत, तभी मिलेगा बीमा क्लेम

Chhattisgarh Crop Insurance Scheme : बेमौसम बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई। खेतों में पककर तैयार खड़ी धान की फसल से लेकर कटाई के बाद खुले में सुखाने के लिए रखी उपज तक बारिश से खराब हो रही है।
Crop Insurance Claim
छत्तीसगढ़ फसल बीमा क्लेमसोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • बेमौसम बारिश से फसल बर्बाद होने पर 72 घंटे में शिकायत जरूरी।

  • देरी होने पर किसानों का बीमा क्लेम अटक सकता है।

  • फसल नुकसान की शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 14447 जारी।

  • कटाई के बाद खेत में सुखाने रखी धान की फसल भी बीमा में शामिल।

  • धान सिंचित पर 66 हजार और असिंचित पर 49,500 रुपये प्रति हेक्टेयर बीमा राशि।

Chhattisgarh Crop Insurance Claim : छत्तीसगढ़ में बेमौसम बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में पककर तैयार खड़ी धान की फसल से लेकर कटाई के बाद खुले में सुखाने के लिए रखी उपज तक बारिश की वजह से खराब हो रही है। ऐसे में किसानों को फसल नुकसान के साथ ही बीमा क्लेम की प्रक्रिया को लेकर भी सतर्क रहने की जरूरत है।

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमित किसानों को फसल क्षति की जानकारी घटना के 72 घंटे के भीतर देना अनिवार्य है। तय समय में शिकायत दर्ज नहीं कराने पर बीमा दावा प्रभावित हो सकता है।

कृषि विभाग ने प्रभावित किसानों की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर 14447 जारी किया है। जिला जनसंपर्क कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार असामयिक वर्षा, जलभराव, ओलावृष्टि और अन्य स्थानीय आपदाओं से अधिसूचित फसलों को नुकसान होने पर किसान इस नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसमें मक्का, उड़द, मूंग, मूंगफली, अरहर, कोदो, कुटकी और रागी जैसी फसलें शामिल हैं।

खास बात यह है कि धान की कटाई के बाद खेत में सुखाने के लिए रखी फसल बारिश से खराब होती है, तो उस स्थिति में भी बीमा लाभ का प्रावधान है। हालांकि इसके लिए किसानों को नुकसान की घटना के 72 घंटे के भीतर सूचना देनी होगी। समय-सीमा निकलने पर दावा प्रक्रिया में परेशानी आ सकती है।

Crop Insurance Claim
सरगुजा में गजब चोरी! सोना-चांदी छोड़ चोरों ने बकरियों पर किया हाथ साफ, आधी रात मची खलबली

इतनी मिलेगी फसल नुकसान पर बीमा राशि

खरीफ वर्ष 2026 के लिए शत-प्रतिशत फसल क्षति की स्थिति में प्रति हेक्टेयर बीमा राशि भी निर्धारित की गई है। इसके तहत धान सिंचित के लिए 66 हजार रुपये और असिंचित के लिए 49 हजार 500 रुपये मिलेंगे। वहीं मक्का के लिए 50 हजार 600 रुपये, अरहर के लिए 46 हजार 200 रुपये, उड़द और मूंग के लिए 27 हजार 500 रुपये तथा मूंगफली के लिए 51 हजार 700 रुपये प्रति हेक्टेयर की राशि तय की गई है।

इसी तरह कोदो के लिए 19 हजार 800 रुपये, कुटकी के लिए 20 हजार 900 रुपये और रागी के लिए 18 हजार 700 रुपये प्रति हेक्टेयर बीमा राशि निर्धारित है।

शिकायत के समय इन जानकारियों की होगी जरूरत

फसल नुकसान की शिकायत दर्ज कराते समय किसानों को अपना नाम, मोबाइल नंबर, बैंक खाते का विवरण, बीमित फसल का नाम, पॉलिसी नंबर, नुकसान की तारीख और घटनास्थल की जानकारी देनी होगी। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि बारिश या अन्य प्राकृतिक आपदा से फसल खराब होने पर बिना देरी किए शिकायत दर्ज कराएं।

किसानों के लिए सबसे जरूरी बात यह है कि फसल नुकसान के बाद शुरुआती 72 घंटे बेहद अहम हैं। इसलिए बीमा क्लेम की प्रक्रिया प्रभावित होने से बचाने के लिए तत्काल टोल फ्री नंबर 14447 पर सूचना दें।

Crop Insurance Claim
मां कुदरगढ़ी स्टील प्लांट के जमीन-पानी और प्रदूषण के दस्तावेजों में बड़े अंतर, ग्रामीणों ने की जांच की मांग