

1 नवंबर से पर्यटन सीजन की शुरुआत।
घने जंगलों के बीच सफारी का रोमांच उठा सकेंगे पर्यटक।
अचानकमार टाइगर रिजर्व में पर्यटकों को मिलेगी कई नई सुविधा।
Chhattisgarh Achanakmar Tiger Reserve: वन्यजीव प्रेमियों और प्रकृति की खूबसूरती करीब से देखने के शौकीनों के लिए अच्छी खबर है। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध अचानकमार टाइगर रिजर्व में 1 नवंबर से पर्यटन सीजन की शुरुआत होने जा रही है। इसके साथ ही पर्यटक एक बार फिर घने जंगलों के बीच सफारी का रोमांच उठा सकेंगे। इस बार पर्यटकों को प्रवेश के लिए छपरवा के अलावा केंवची गेट का विकल्प भी मिलेगा।
अचानकमार टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी के लिए पर्यटकों को जिप्सी, महारानी और योद्धा वाहनों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इन वाहनों के जरिए पर्यटक जंगल के प्राकृतिक नजारों, वन्यजीवों और जैव विविधता को करीब से देख सकेंगे। करीब 914.017 वर्ग किलोमीटर में फैला यह टाइगर रिजर्व अपनी समृद्ध वन संपदा और वन्यजीवों के लिए जाना जाता है।
सफारी के साथ पर्यटकों के ठहरने की व्यवस्था भी की गई है। शिवतराई स्थित बैगा रिसॉर्ट में 14 सामान्य और 4 प्रीमियम कमरे उपलब्ध हैं। यहां पर्यटक जंगल के प्राकृतिक वातावरण के बीच ठहरने का अनुभव ले सकेंगे।
अचानकमार टाइगर रिजर्व में सफारी और पर्यटन से जुड़ी जानकारी के लिए संपर्क नंबर जारी किया गया है। पर्यटक सफारी बुकिंग, प्रवेश और अन्य सुविधाओं की जानकारी लेकर अपनी यात्रा की योजना बना सकते हैं। 1 नवंबर से पर्यटन शुरू होने के साथ ही उम्मीद है कि यहां पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी।