

हादसे में युवा बिजली ऑपरेटर की मौत।
तखतपुर क्षेत्र में बिजली सब स्टेशन के भीतर हादसा।
32 वर्षीय अमन साहू की करंट से मौत।
कुरेली बिजली सब स्टेशन का मामला।
Bilaspur Electricity Substation Accident: बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र में बिजली सब स्टेशन के भीतर एक दर्दनाक हादसे में युवा ऑपरेटर की जान चली गई। कुरेली स्थित सब स्टेशन में ड्यूटी के दौरान 32 वर्षीय अमन साहू की संदिग्ध परिस्थितियों में करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। सुबह जब उसकी जगह ड्यूटी संभालने दूसरा ऑपरेटर पहुंचा, तो अमन कार्यालय के भीतर अचेत अवस्था में मिला। अस्पताल पहुंचाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद सब स्टेशन में कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार अमन साहू ठेका कंपनी के माध्यम से कुरेली बिजली सब स्टेशन में स्टेशन ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि वह रात की ड्यूटी पर तैनात था। सुबह ड्यूटी बदलने के लिए दूसरा ऑपरेटर पहुंचा तो अमन की हालत देखकर हड़कंप मच गया। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद अमन साहू को मृत घोषित कर दिया।
सब स्टेशन के भीतर आखिर ऐसा क्या हुआ, जिससे एक कर्मचारी की जान चली गई। प्रारंभिक तौर पर करंट की चपेट में आने की बात सामने आ रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में गम के साथ आक्रोश भी देखा जा रहा है। आरोप लगाए जा रहे हैं कि जोखिम भरे काम के बावजूद ऑपरेटरों को पर्याप्त सुरक्षा संसाधन उपलब्ध नहीं कराए जाते थे। यदि इन आरोपों में सच्चाई पाई जाती है तो यह विभाग और संबंधित ठेका कंपनी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करेगा।
मामला हिर्री थाना क्षेत्र का है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा ड्यूटी के दौरान किन परिस्थितियों में हुआ।
एक तरफ 32 साल के युवा कर्मचारी की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं दूसरी तरफ यह घटना बिजली जैसी अत्यंत जोखिमपूर्ण व्यवस्था में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल छोड़ गई है। आखिर सुरक्षा उपकरण उपलब्ध थे या नहीं और लापरवाही किस स्तर पर हुई इन सभी सवालों के जवाब अब जांच के बाद ही सामने आएंगे।