

एनएच-30 पर 407 किलो गांजा बरामद।
कंटेनर के गुप्त चेंबर में छिपाए थे 192 पैकेट।
ओडिशा से उत्तरप्रदेश ले जा रहे थे गांजा।
यूपी के दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार।
गांजा, कंटेनर और मोबाइल सहित 2.29 करोड़ का सामान जब्त।
Chhattisgarh Kawardha Ganja Smuggling : छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए कंटेनर ट्रक में विशेष गुप्त चेंबर बना रखा था, जिसमें 407 किलो 330 ग्राम गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने गांजे के साथ कंटेनर ट्रक और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 2 करोड़ 29 लाख 76 हजार 500 रुपये बताई गई है।
बता दें कि थाना चिल्फी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कंटेनर ट्रक में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर रायपुर, कवर्धा और चिल्फी के रास्ते मध्यप्रदेश की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने एनएच-30 पर थाना चिल्फी के सामने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान मुखबिर के बताए हुलिए वाला कंटेनर ट्रक घाटी की तरफ से आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रोककर चालक और उसके साथ बैठे व्यक्ति से पूछताछ की। उनकी पहचान राजू यादव 27 वर्ष और विकास यादव 26 वर्ष, दोनों निवासी मुड़िया खेड़ा, जिला अलीगढ़ (उत्तरप्रदेश) के रूप में हुई।
पुलिस टीम ने कंटेनर की तलाशी ली तो ड्राइवर सीट के ऊपर विशेष तरीके से बनाया गया एक गोपनीय चेंबर मिला। इसकी जांच करने पर खाकी रंग के टेप से लिपटे 192 पैकेट बरामद हुए। जांच किट से परीक्षण और वजन करने पर पैकेटों में कुल 407 किलो 330 ग्राम गांजा होने की पुष्टि हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे 17 नवंबर को कंटेनर लेकर अलीगढ़ से निकले थे। इसके बाद 21 नवंबर को ओडिशा के सुनकीघाटी में कंटेनर के गुप्त चेंबर में करीब चार क्विंटल गांजा लोड कराया गया था। इसके बाद वे रायपुर, कवर्धा और चिल्फी के रास्ते गांजा लेकर अलीगढ़ जा रहे थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर गांजा, तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर ट्रक और मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। गांजे की आपूर्ति करने और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच की जा रही है।