

बिरला ओपन माइंड्स स्कूल के हॉस्टल में 9वीं के छात्र ने दूसरी मंजिल से छलांग लगाई।
गंभीर रूप से घायल छात्र को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया।
परिजनों का आरोप है कि छात्र हॉस्टल में नहीं रहना चाहता था और उसे जबरन रोका गया।
गांधीनगर पुलिस ने असिस्टेंट डायरेक्टर समेत चार लोगों को किया गिरफ्तार।
स्कूल की हॉस्टल व्यवस्था और प्रबंधन की भूमिका पर उठे सवाल।
Ambikapur School Hostel Incident: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में कक्षा 9वीं के छात्र ने स्कूली की दूसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या की कोशिश की है। घटना में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे वाराणसी रेफर किया है। मामले में परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने सरगवां स्थित बिरला ओपन माइंड्स स्कूल के प्रबंधन से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में स्कूल के मार्केटिंग हेड उत्कर्ष किरण, असिस्टेंट डायरेक्टर सूरज मित्तल, हॉस्टल वार्डन अवधेश शर्मा और एचआर कुणाल गोयल शामिल हैं। विवेचना के दौरान चारों के खिलाफ अपराध से जुड़े साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
मामला शहर के सरगवां स्थित बिरला ओपन माइंड्स स्कूल का है। जानकारी के मुताबिक, छात्र बलरामपुर जिले के चलगली थाना क्षेत्र का निवासी है और स्कूल में कक्षा 9वीं में पढ़ता है। परिजनों ने उसकी पढ़ाई के लिए उसे स्कूल के हॉस्टल में रखा था। दीपावली की छुट्टियां खत्म होने के बाद वह वापस हॉस्टल लौटा था।
बताया जा रहा है कि 22 नवंबर को छात्र हॉस्टल से भाग गया था। इसके बाद स्कूल प्रबंधन उसे वापस लेकर आया और दोबारा हॉस्टल में रख दिया। परिजनों का आरोप है कि छात्र को हॉस्टल में कथित तौर पर कैद रखा गया था। इसी तनाव के चलते रविवार शाम उसने हॉस्टल की दूसरी मंजिल के रोशनदान से छलांग लगा दी। हादसे में उसके हाथ, दोनों पैरों और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने उसे अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। परिवार के लोग अंबिकापुर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि छात्र के हॉस्टल से भागने और वहां रहने से इनकार करने की जानकारी उन्हें समय पर नहीं दी गई। उनका यह भी कहना है कि स्थानीय अभिभावक छात्र को लेने पहुंचे थे, लेकिन उसे उनके सुपुर्द नहीं किया गया।
परिजनों की शिकायत के आधार पर गांधीनगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और किशोर न्याय अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस ने मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ की और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की।
विवेचना के दौरान स्कूल प्रबंधन से जुड़े चार लोगों के खिलाफ अपराध में संलिप्तता के साक्ष्य मिलने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया। फिलहाल पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।