900 साल पुराने मंदिर में छिपा है बस्तर के राजवंश का राज, पत्थरों पर दर्ज है महारानी के भूमिदान, राजकीय चिह्न

Bastar Narayanpal Vishnu Temple: नारायणपाल विष्णु मंदिर केवल पूजा-अर्चना का केंद्र नहीं, बल्कि बस्तर के शक्तिशाली छिंदक नागवंशी राजाओं के वैभव, राजकीय पहचान और धार्मिक परंपराओं का जीवंत दस्तावेज है।
Bastar Narayanpal Vishnu Temple, chhattisgarh temple,
बस्तर नारायणपाल विष्णु मंदिर(सोर्स- नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • नारायणपाल विष्णु मंदिर के शिलालेख खोलते हैं छिंदक नागवंशी राजाओं के वैभव की कहानी।

  • कार्तिक पूर्णिमा पर महारानी गुंड महादेवी ने किया था भूमिदान।

  • गाय-बछड़े और बाघ का अनूठा राजकीय प्रतीक भी शिलालेख में दर्ज।

  • 11वीं शताब्दी का मंदिर आज भी समेटे हुए है बस्तर की धार्मिक आस्था।

Chhattisgarh Narayanpal Vishnu Temple History : बस्तर के जंगलों और पहाड़ियों के बीच इतिहास की ऐसी अनमोल कहानी छिपी है, जिसके पन्ने कागज पर नहीं, बल्कि पत्थरों पर लिखे गए हैं। करीब 900 साल पुराना नारायणपाल विष्णु मंदिर केवल पूजा-अर्चना का केंद्र नहीं, बल्कि बस्तर के शक्तिशाली छिंदक नागवंशी राजाओं के वैभव, राजकीय पहचान और धार्मिक परंपराओं का जीवंत दस्तावेज है।

यहां मौजूद प्राचीन शिलालेख बताते हैं कि कभी इस धरती पर राज करने वाले राजवंश की महारानी ने कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर भगवान नारायण के नाम पर भूमिदान किया था। इतना ही नहीं, इसी ऐतिहासिक अभिलेख में छिंदक नागवंशी राजाओं के अनूठे राजकीय चिह्न 'सवत्स धेनु व्याघ्र' का भी उल्लेख मिलता है।

इंद्रावती और नारंगी नदियों के संगम पर स्थित मंदिर

जगदलपुर से करीब 42 किलोमीटर दूर इंद्रावती और नारंगी नदियों के संगम के नजदीक स्थित नारायणपाल का यह मंदिर बस्तर के मध्यकालीन इतिहास की ऐसी धरोहर है, जो आज भी अपने भीतर कई ऐतिहासिक रहस्य समेटे हुए है। 11वीं शताब्दी में निर्मित इस मंदिर को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि उस दौर में बस्तर की स्थापत्य कला और धार्मिक परंपराएं कितनी समृद्ध थीं।

Chhattisgarh Narayanpal Vishnu Temple History,
बस्तर नारायणपाल विष्णु मंदिर(सोर्स- नवभारत लाइव)

पहले शिव मंदिर, फिर भगवान विष्णु की हुई प्रतिष्ठा

इतिहास के सहायक प्राध्यापक ओम प्रकाश सोनी के अनुसार, मंदिर का प्रारंभिक निर्माण भगवान शिव को समर्पित था। निर्माण के कुछ वर्षों बाद यहां भगवान विष्णु की प्रतिमा प्रतिष्ठापित की गई, जिसके बाद यह नारायण मंदिर के नाम से प्रसिद्ध हुआ। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के सूचना पट्ट पर भी मंदिर के इस ऐतिहासिक स्वरूप का उल्लेख मिलता है।

पूर्वाभिमुख यह प्रस्तर मंदिर मध्यम ऊंचाई की जगती पर निर्मित है। इसकी स्थापत्य योजना में अष्टकोणीय मंडप, अंतराल और गर्भगृह शामिल हैं। अलंकृत प्रवेश द्वार और बेसर शैली का शिखर उस समय की उत्कृष्ट वास्तुशिल्प परंपरा की गवाही देते हैं। यानी यह मंदिर केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि तत्कालीन शिल्पकारों की अद्भुत कलात्मक क्षमता का भी प्रमाण है।

Bastar Narayanpal Vishnu Temple, chhattisgarh temple,
कोयला लेवी घोटाले में IAS जयप्रकाश मौर्य की मुश्किलें बढ़ीं, जमानत पर बिलासपुर हाईकोर्ट ने सरकार से मांगा जवाब

कार्तिक पूर्णिमा पर महारानी ने किया था भूमिदान

नारायणपाल मंदिर की सबसे महत्वपूर्ण ऐतिहासिक पहचान यहां सुरक्षित प्राचीन शिलालेख है। इसमें शक संवत् 1033 का उल्लेख मिलता है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के सूचना पट्ट पर इसे 1110 ईस्वी से संबंधित बताया गया है, जबकि कुछ ऐतिहासिक विवरण इसे 1111 ईस्वी से जोड़ते हैं।

इस अभिलेख में छिंदक नागवंशी शासक सोमेश्वरदेव की महारानी गुंड महादेवी द्वारा कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर भगवान नारायण के निमित्त भूमिदान किए जाने का उल्लेख है। यह कोई सामान्य धार्मिक आयोजन नहीं था। इस दान समारोह में तत्कालीन प्रधानमंत्री आदित्य भट्ट, सूत्रधार रणवीर और मंदिर के पुजारी पुरुषोत्तम पंडित सहित कई लोगों को भूमि प्रदान किए जाने की जानकारी दर्ज है। शिलालेख में दो दर्जन से अधिक दानग्राहियों के नाम होने की बात भी सामने आती है।

Chhattisgarh Narayanpal Vishnu Temple History, Bastar news,
बस्तर नारायणपाल विष्णु मंदिर(सोर्स- नवभारत लाइव)

यह अभिलेख बताता है कि सदियों पहले बस्तर में धार्मिक आयोजनों के साथ भूमिदान की समृद्ध परंपरा थी और राजपरिवार के निर्णयों में मंदिरों तथा धार्मिक संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका थी।

गाय-बछड़े और बाघ का था राजकीय चिह्न

नारायणपाल मंदिर के शिलालेख की एक और खासियत छिंदक नागवंशी राजाओं का राजकीय प्रतीक है। रोहन कुमार के अनुसार, चक्रकोट के छिंदक नागवंशी राजवंश का राजकीय लांछन 'सवत्स धेनु व्याघ्र' था। इसका आशय बछड़े सहित गाय और उसके साथ व्याघ्र यानी बाघ से है।

Bastar Narayanpal Vishnu Temple, chhattisgarh temple,
रेलवे का बड़ा फेरबदल, 48 दिनों तक कई ट्रेनें रद्द तो कई के बदले रूट, बिलासपुर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस भी प्रभावित

यह अनूठा प्रतीक तत्कालीन राजवंश की राजकीय पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा था। छिंदक वंश के अभिलेखों में इस लांछन का उल्लेख मिलता है। नारायणपाल का अभिलेख भी इसी ऐतिहासिक परंपरा का महत्वपूर्ण प्रमाण है और इसे कन्हरदेव के राजत्वकाल से संबंधित बताया गया है।

मंदिर में सुरक्षित अभिलेखों की यह जानकारी बस्तर के उस दौर की राजनीतिक पहचान को समझने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, जब चक्रकोट क्षेत्र में छिंदक नागवंशी राजाओं का शासन था।

दो शिलालेखों में दर्ज है शिव और विष्णु उपासना का इतिहास

मंदिर का ऐतिहासिक महत्व यहां मौजूद दो शिलालेखों से और बढ़ जाता है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के सूचना पट्ट के अनुसार, पहले अभिलेख में महारानी गुंड महादेवी के भूमिदान का उल्लेख है। इसमें भगवान नारायण के निमित्त नारायणपुर नामक ग्राम तथा भगवान लोकेश्वर को भूमि दान किए जाने की जानकारी मिलती है।

वहीं दूसरा शिलालेख खंडित अवस्था में है, जिसमें अर्द्धेश्वर यानी भगवान शिव के मंदिर का उल्लेख मिलता है। इससे स्पष्ट होता है कि इस क्षेत्र में शिव और विष्णु दोनों की उपासना की परंपराएं प्रचलित थीं।

Chhattisgarh Narayanpal Vishnu Temple
बस्तर नारायणपाल विष्णु मंदिर(सोर्स- नवभारत लाइव)

केवल नारायणपाल नहीं, कुरुसपाल और गढ़िया में भी बिखरे हैं इतिहास के निशान

बस्तर का इतिहास केवल नारायणपाल मंदिर तक सीमित नहीं है। लोहण्डीगुड़ा क्षेत्र के गढ़िया ग्राम स्थित प्राचीन मंदिर और कुरुसपाल से प्राप्त अभिलेख भी तत्कालीन धार्मिक गतिविधियों तथा भूमिदान परंपरा के महत्वपूर्ण प्रमाण हैं।

कुरुसपाल से मिले अभिलेख महारानी धारणा महादेवी की दान परंपरा से संबंधित जानकारी देते हैं। इनसे पता चलता है कि छिंदक नागवंशी राजपरिवार की महारानियां भी धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाती थीं। यानी मध्यकालीन बस्तर में राजपरिवार की महिलाओं का योगदान केवल राजमहल तक सीमित नहीं था।

यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची तक पहुंचाने की उठी जरूरत

शोधार्थी छात्र रोहन कुमार का कहना है कि वर्तमान में नारायणपाल विष्णु मंदिर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा संरक्षित स्मारक है। इसकी पहचान केवल एक धार्मिक स्थल के रूप में नहीं, बल्कि बस्तर के मध्यकालीन इतिहास, राजकीय प्रतीकों, शिलालेखीय परंपरा और स्थापत्य कला के महत्वपूर्ण दस्तावेज के रूप में होनी चाहिए।

उनका सुझाव है कि मंदिर में मौजूद शिलालेखों का वैज्ञानिक और डिजिटल दस्तावेजीकरण कराया जाए। यहां बहुभाषी सूचना पट्टिकाएं लगाई जाएं, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक इस ऐतिहासिक विरासत को समझ सकें।

बारसूर, भैरमगढ़ और नारायणपाल जैसे ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण और प्रचार-प्रसार के लिए विशेष पहल की जरूरत है। साथ ही इन स्थलों को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल कराने की संभावनाओं का विशेषज्ञों से अध्ययन कराया जाना चाहिए।

करीब नौ सौ साल पहले पत्थरों पर उकेरी गई महारानी के भूमिदान की कहानी आज भी बस्तर के गौरवशाली अतीत की गवाही दे रही है। जरूरत है कि इस इतिहास को मंदिर की चारदीवारी से बाहर निकालकर दुनिया के सामने लाया जाए।