बैलाडीला में NMDC के मलबे की तबाही से कई गांवों पर संकट, 5 नाले प्रभावित, जंगल के हजारों पेड़ जमींदोज

NMDC Landslide Dantewada: NMDC के डिपॉजिट-14 क्षेत्र से खिसका मलबा जंगल, नालों, पेड़ और ग्रामीणों की जिंदगी तक पहुंच गया है। पहाड़ से बहकर आया टेलिंग्स और मिट्टी का मलबा करीब 5 KM तक फैल गया।
NMDC Mining Waste Landslide, chhattisgarh news,
NMDC के मलबे की तबाही से कई गांवों पर संकट(सोर्स- नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • डिपॉजिट-14 का मलबा 5 किलोमीटर तक फैला।

  • लोहागांव के रास्ते से लेकर खेत-जंगल तक पहुंची आफत।

  • 16 परिवारों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित।

  • मलबे में पैंगोलिन सहित कई दुर्लभ जीवों के दबने की आशंका।

NMDC Mining Waste Landslide Update: बैलाडीला की पहाड़ियों में हुआ भूस्खलन अब केवल एक पहाड़ी के दरकने की घटना नहीं रह गया है। एनएमडीसी के डिपॉजिट-14 क्षेत्र से खिसका मलबा जंगल, नालों, पेड़-पौधों और ग्रामीणों की जिंदगी तक पहुंच गया है। पहाड़ से बहकर आया टेलिंग्स और मिट्टी का मलबा करीब पांच किलोमीटर तक फैल गया। इसकी चपेट में पांच नाले प्रभावित हुए हैं, जबकि जंगल के सैकड़ों पेड़ मलबे में दब गए हैं। कई पेड़ तो करीब सौ साल पुराने बताए जा रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीणों को अब अपने खेत, जंगल और प्राकृतिक जलस्रोतों के भविष्य की चिंता सताने लगी है।

दो नाले नंदराज पहाड़ी क्षेत्र में

सबसे ज्यादा परेशानी लोहागांव के ग्रामीणों को उठानी पड़ रही है। गांव के लोगों के मुताबिक, जंगल से होकर आने वाले छोटे-बड़े नाले इस क्षेत्र की प्राकृतिक जलधारा का हिस्सा हैं। इनमें दो नाले नंदराज पहाड़ी क्षेत्र में हैं। पहले इन नालों में सालभर पानी बहता था, लेकिन मलबा आने से इनका प्राकृतिक प्रवाह प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि मलबा इसी तरह फैला रहा तो आने वाले समय में खेतों और जंगल को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

NMDC Mining Waste Landslide, chhattisgarh news,
CG विधानसभा के शीतकालीन सत्र में गूंजेंगे किसानों से लेकर भ्रष्टाचार तक के मुद्दे, विधायकों ने लगाए 589 सवाल

16 परिवारों का आना-जाना बंद

वहीं लोहागांव में रहने वाले करीब 16 परिवार अपनी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए किरंदुल पर निर्भर हैं। राशन, घरेलू सामान, स्वास्थ्य सुविधाओं और दूसरे जरूरी कामों के लिए उन्हें किरंदुल आना-जाना पड़ता है। मलबे से रास्ता प्रभावित होने के कारण इन परिवारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल और खेतों को नुकसान के साथ अब आवागमन भी बड़ी चुनौती बन गया है। उनकी मांग है कि नुकसान का सही आकलन किया जाए और प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा मिले।

हजारों पेड़ और वन्य जीव मलबे में दबे

इस पूरे घटनाक्रम का सबसे चिंताजनक पहलू जंगल को हुआ नुकसान है। ग्रामीणों के मुताबिक, मलबे की चपेट में आम और बीजा समेत कई प्रजातियों के बड़े पेड़ आए हैं। कुछ पेड़ इतने विशाल थे कि तीन-चार लोग हाथ फैलाकर भी उनका घेरा नहीं बना सकते थे। अब ये पेड़ मलबे में दब चुके हैं। वन क्षेत्र में छोटे पौधों और प्राकृतिक वनस्पतियों को भी भारी मात्रा में नुकसान पहुंचा है। इससे जंगल के साथ वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास पर भी खतरे की आशंका जताई जा रही है। मलबे में पैंगोलिन सहित कई दुर्लभ जीवों के दबने की आशंका भी ग्रामीणों ने जताई है।

NMDC Mining Waste Landslide, chhattisgarh news,
ट्रॉली बैग में छिपा था नशे का 14.62 लाख का जखीरा, सुकमा से दिल्ली-NCR तक फैले नेटवर्क का भंडाफोड़

9 किलोमीटर पैदल चलकर गांव पहुंची प्रशासनिक टीम

घटना के बाद प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेने के लिए टीम भेजी। जंगल और पहाड़ी पगडंडियों से करीब नौ किलोमीटर पैदल चलकर टीम लोहागांव पहुंची और ग्रामीणों से मुलाकात की। टीम ने भूस्खलन की स्थिति, सुरक्षा, आवागमन और ग्रामीणों की परेशानियों की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि फिलहाल गांव सुरक्षित है, लेकिन मलबे का फैलाव और रास्तों की स्थिति उनके लिए चिंता का विषय बनी हुई है। प्रशासन ने स्थिति पर नजर रखने और जरूरी इंतजाम करने का भरोसा दिया है।

एनएमडीसी के दावों पर भी उठ रहे सवाल

एनएमडीसी ने इस घटना को प्राकृतिक कारणों से हुई घटना बताते हुए कहा है कि डंप को वैज्ञानिक तरीके से स्थिर किया गया था। इसके लिए सीढ़ीनुमा संरचना, पानी की निकासी के लिए नालियां, पौधारोपण और नीचे सहायक दीवारें बनाई गई थीं। कंपनी का कहना है कि जमीन की परतों में हलचल के कारण मलबा खिसका और इसके पीछे भूमिगत जलधारा की संभावना भी है।

हालांकि, अब सवाल यह है कि यदि डंप को वैज्ञानिक तरीके से सुरक्षित बनाया गया था तो इतनी बड़ी मात्रा में मलबा कैसे खिसक गया? क्या पहाड़ी की भूगर्भीय स्थिति और पानी की निकासी व्यवस्था का नियमित आकलन किया जा रहा था? मलबे से प्रभावित जंगल, नालों और पेड़-पौधों के नुकसान की जिम्मेदारी किसकी होगी? इन सवालों का जवाब अब विशेषज्ञों की जांच और नुकसान के वास्तविक आकलन से ही सामने आएगा।