ट्रॉली बैग में छिपा था नशे का 14.62 लाख का जखीरा, सुकमा से दिल्ली-NCR तक फैले नेटवर्क का भंडाफोड़

Sukma Police Ganja Seizure: ओडिशा के मलकानगिरी से छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तरप्रदेश और दिल्ली-NCR तक गांजा पहुंचाने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क का सुकमा पुलिस ने पर्दाफाश किया है।
Chhattisgarh police news, crime news,
नशा तस्करी के आरोपी(सोर्स- नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते यूपी-दिल्ली तक पहुंचाया जा रहा था गांजा।

  • दो नाबालिग समेत पांच पकड़े गए।

  • मोबाइल लोकेशन ने खोली तस्करी नेटवर्क की परतें।

  • मुख्य सरगना की तलाश जारी।

Ganja Smuggling In Chhattisgarh: देखने में आम यात्रियों जैसे, हाथों में ट्रॉली बैग और सफर का अंदाज भी बिल्कुल सामान्य, लेकिन इन बैगों के भीतर छिपा था नशे का ऐसा जखीरा, जिसकी कीमत लाखों में थी। ओडिशा के मलकानगिरी से छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तरप्रदेश और दिल्ली-NCR तक गांजा पहुंचाने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क का सुकमा पुलिस ने पर्दाफाश किया है।

पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में 25 किलो 450 ग्राम गांजा जब्त करने के साथ दो विधि से संघर्षरत बालकों समेत पांच लोगों को पकड़ा है। जब्त गांजा, दोपहिया वाहनों और मोबाइल फोन सहित कुल 14 लाख 62 हजार 500 रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।

दोपहिया वाहनों के जरिए लाई गई गांजा की खेप

पुलिस के मुताबिक, 21 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा के मलकानगिरी से दोपहिया वाहनों के जरिए गांजे की खेप सुकमा लाई जा रही है। सूचना पर पुलिस ने सुकमा चेकपोस्ट के पास घेराबंदी की। इस दौरान दो संदिग्धों को पकड़ा गया। उनके ट्रॉली बैग की तलाशी लेने पर 12 पैकेटों में रखा 25 किलो 450 ग्राम गांजा बरामद हुआ। शुरुआती कार्रवाई में दो वाहक पकड़े गए, लेकिन पुलिस ने मामले की तह तक जाने के लिए जांच का दायरा बढ़ाया।

Chhattisgarh police news, crime news,
बस्तर में MP की शराब का बड़ा जखीरा पकड़ा, 140 पेटी गोवा ब्रांड जब्त, 21 लाख की सामग्री बरामद

पुलिस को मेरठ और नोएडा से जुड़े लोगों की जानकारी

पूछताछ और मोबाइल फोन की तकनीकी जांच में तस्करी नेटवर्क की अगली कड़ियां सामने आईं। पुलिस को मेरठ और नोएडा से जुड़े लोगों की जानकारी मिली। इसके बाद मोबाइल लोकेशन के आधार पर जगदलपुर पहुंचे मेरठ निवासी अशरफ और मोहम्मद कासिफ तथा नोएडा के एक विधि से संघर्षरत बालक को पुलिस ने पकड़ लिया। इस तरह कार्रवाई में कुल पांच लोग पकड़े गए, जिनमें दो विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं।

Chhattisgarh police news, crime news,
113 करोड़ का साइबर फ्रॉड! सूरजपुर में पकड़ाए दो आरोपी, देश के 21 राज्यों से जुड़े तार

बेरोजगार युवाओं को पैसों का लालच देकर बनाया शिकार

पुलिस की जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क अलग-अलग जिम्मेदारियों के साथ काम कर रहा था। मलकानगिरी से गांजा उपलब्ध कराने और उसे आगे पहुंचाने के लिए अलग-अलग लोगों की भूमिका थी। आरोप है कि आर्थिक रूप से कमजोर और बेरोजगार युवाओं को पैसों का लालच देकर वाहक बनाया जाता था। ये लोग आम यात्रियों की तरह सफर करते हुए गांजे की खेप को अलग-अलग स्थानों तक पहुंचाते थे। पुलिस के अनुसार, गांजे की सप्लाई मेरठ, नोएडा और दिल्ली तक किए जाने की जानकारी सामने आई है।

मुख्य सरगना की तलाश जारी

सुकमा थाना प्रभारी रोशन राजपूत के अनुसार, मामले में मुख्य सरगना की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। पुलिस अब इस अवैध कारोबार के आर्थिक लेन-देन और संपत्तियों की भी जांच कर रही है।

सुकमा थाना में अपराध क्रमांक 99/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) और 29 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन आगाज के तहत हुई इस कार्रवाई में सुकमा थाना पुलिस और जगदलपुर पुलिस की अहम भूमिका रही।

ओडिशा से शुरू होकर छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तरप्रदेश और दिल्ली तक पहुंचने वाली इस कथित तस्करी श्रृंखला का खुलासा होने के बाद अब पुलिस की नजरें मुख्य सरगना और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर टिकी हैं।