

बैलाडीला में टेलिंग्स का पहाड़ खिसका, जंगल और नाला दबा।
पांच से सात किमी तक मलबे की तबाही, वन्यजीव खतरे में।
किंडगेल नाला दफन, फिर भी कंपनी ने नुकसान से इनकार किया।
हजारों पेड़ और पैंगोलिन पर संकट, आईआईटी विशेषज्ञ कर रहे जांच।
लीज के बाहर नुकसान मिला तो कंपनी पर दर्ज होगा केस।
NMDC Deposit 14 Dump Slide : बैलाडीला लैंडस्लाइड में मलबे की चपेट में आने से बड़े पेड़ और हजारों छोटे पौधे नष्ट हुए हैं। वन विभाग के सूत्रों ने एक हजार से ज्यादा पेड़ों के नुकसान का दावा किया है। पैंगोलिन जैसे संरक्षित जीवों के आवास को भी भारी खतरा है।
एनएमडीसी के बयान में जनहानि या संपत्ति के नुकसान का जिक्र है। हालांकि पर्यावरणीय क्षति का स्पष्ट आकलन सामने नहीं आया है।
बैलाडीला की पहाड़ियों से निकलने वाला किंडगेल नाला मलबे में दब गया है। ग्रामीण इसे ठंडे पानी का नाला कहते हैं और यह बासागुड़ा की ओर बहता है। पानी का रास्ता रुकने से जंगल के पारिस्थितिकी तंत्र पर असर पड़ सकता है।
कंपनी के अनुसार डिपॉजिट-14 का डंप दो दशक से स्थिर था। इसके लिए सीढ़ीदार ढलान, गारलैंड नालियां, वृक्षारोपण और सहायक दीवारें बनाई गई थीं। फिर भी भूगर्भीय परतों के खिसकने से धंसाव हुआ।
एनएमडीसी ने अपने बयान में कहा है कि डिपॉजिट-14 का कचरा डंप पिछले 20 साल से एकदम सुरक्षित और स्थिर था। कंपनी के मुताबिक इसे मजबूत बनाने के लिए सीढ़ीदार ढलान, पानी निकालने की नालियां, पेड़-पौधे और नीचे सहारे के लिए दीवारें बनाई गई थीं। एनएमडीसी का कहना है कि बैलाडीला पहाड़ की पश्चिमी घाटी की तरफ जमीन की परतें अपने आप खिसकीं, जिससे डंप थोड़ा धंस गया। बहकर आए मलबे में ज्यादा मिट्टी और कीचड़ है, जिससे जमीन के नीचे पानी की धारा होने का अंदाजा लगाया जा रहा है।
लेकिन बड़ा सवाल यह है कि जब डंप को 20 साल पहले मजबूत बनाया गया था और तब से कोई दिक्कत नहीं आई, तो अचानक इतना बड़ा मलबा कैसे खिसक गया? क्या डंप की मजबूती, पानी की निकासी और जमीन के नीचे की हलचल की नियमित जांच हो रही थी या नहीं?
पास के डिपॉजिट-13 में नंदराज पहाड़ काटकर सड़क बनाने पर भी सवाल हैं। हालांकि इसका इस भू-स्खलन से संबंध होने की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
आईआईटी मुंबई और रुड़की के विशेषज्ञ निरीक्षण कर चुके हैं। जिला प्रशासन भी संयुक्त जांच कमेटी बनाने की तैयारी कर रहा है। वन विभाग के सूत्रों के मुताबिक लीज के बाहर नुकसान मिला तो पीओआर दर्ज हो सकती है।