

14 से 17 दिसंबर तक चलेगा छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र।
किसानों से लेकर भ्रष्टाचार तक के मुद्दे को लेकर होगी तीखी बहस।
विधायकों ने अभी से सरकार को घेरने की तैयारी शुरू कर दी।
धान खरीदी की अव्यवस्था को लेकर भी सदन में तीखी बहस की संभावना।
Chhattisgarh Legislative Assembly Winter Session Update: छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र इस बार कई अहम मुद्दों को लेकर चर्चा में रहने वाला है। 14 दिसंबर से शुरू होकर 17 दिसंबर तक चलने वाले इस सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं। चार दिन के इस सत्र के लिए विधायकों ने अभी से सरकार को घेरने की तैयारी शुरू कर दी है। अधिसूचना जारी होने के बाद सवाल लगाने का सिलसिला शुरू हो चुका है।
19 नवंबर तक मिले आंकड़ों के मुताबिक विधानसभा के आगामी सत्र के लिए कुल 589 सवाल लगाए जा चुके हैं। इनमें 315 तारांकित और 274 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। इन सवालों के जरिए विधायक अलग-अलग विभागों के कामकाज, सरकारी योजनाओं और जनता से जुड़े मामलों पर सरकार से जवाब मांगेंगे।
इस बार विपक्ष के निशाने पर धान खरीदी का मुद्दा प्रमुखता से रह सकता है। 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू हो चुकी है, लेकिन बेमौसम बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ाई हैं। खरीदी केंद्रों में व्यवस्था, धान की गुणवत्ता, टोकन और किसानों को हो रही परेशानियों को लेकर विपक्ष सरकार से सवाल कर सकता है। इसके अलावा किसानों को उनकी उपज का भुगतान और खरीदी प्रक्रिया भी चर्चा में रह सकती है।
कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार के मुद्दे भी सदन में उठने की संभावना है। विपक्ष विभिन्न विभागों में गड़बड़ियों, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर सरकार से जवाब मांग सकता है।
वहीं इस सत्र के दौरान भाजपा सरकार अपने तीन साल का कार्यकाल भी पूरा करेगी। ऐसे में चुनाव के दौरान किए गए वादों और मोदी की गारंटी पर भी विपक्ष सवाल उठा सकता है। वोट चोरी और एसआईआर का मुद्दा भी राजनीतिक बहस का हिस्सा बन सकता है।
दूसरी तरफ सत्तापक्ष भी विपक्ष के सवालों का जवाब देने की तैयारी में जुटेगा। इसके लिए भाजपा विधायक दल की बैठक बुलाए जाने की तैयारी है। कुल मिलाकर चार दिन का यह सत्र छोटा जरूर है, लेकिन किसानों की परेशानी से लेकर सरकारी कामकाज और राजनीतिक वादों तक कई मुद्दों पर सरकार को सदन में जवाब देना पड़ सकता है।