

बिलासपुर के रिवर व्यू रोड पर मनाया बर्थडे।
पहले रायपुर का बताया जा रहा था वीडियो।
जांच के बाद बिलासपुर पुलिस ने दर्ज किया एफआईआर।
19, 20 अक्टूबर की रात तहसीलदार ने मनाया था बर्थडे।
Naib Tehsildar Viral Video In Bilaspur: सड़क पर कार खड़ी कर जन्मदिन मनाना रायपुर के नायब तहसीलदार को महंगा पड़ गया। इस दौरान ‘ओ ओ जाने जाना’ गाने पर रील भी बनाई। वीडियो वायरल होने और शिकायत के बाद अब बिलासपुर पुलिस ने कार्रवाई की है। शुरुआत में वीडियो को रायपुर का बताया जा रहा था, लेकिन जांच में घटनास्थल बिलासपुर का रिवर व्यू रोड निकला। जिसके बाद अब सिविल लाइन पुलिस ने संबंधित कार के मालिक और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो में कार की डिक्की खुली है, जिसमें केक और जन्मदिन का टैग रखा दिखाई देता है। इसी दौरान चर्चित फिल्मी गाने ‘ओ ओ जाने जाना’ पर रील बनाई जा रही है। वीडियो में एक युवक आतिशबाजी की तैयारी करता भी नजर आता है। आधी रात सड़क पर चल रहे इस जश्न से यातायात बाधित होने और दुर्घटना की आशंका को लेकर शिकायत की गई।
नायब तहसीलदार विपिन पटेल रायपुर जिले में पदस्थ हैं। इसी वजह से सोशल मीडिया पर वीडियो को पहले रायपुर का बताया गया। हालांकि, पुलिस की जांच में जन्मदिन का आयोजन बिलासपुर के रिवर व्यू रोड पर होना सामने आया। इस तरह वीडियो के शहर को लेकर चल रही चर्चा पर स्थिति स्पष्ट हुई।
पुलिस के अनुसार, सरजू बगीचा निवासी अमित साहू (35) ने शिकायत में बताया कि 18 और 19 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब एक बजे वह रिवर व्यू रोड से घर लौट रहे थे। उस समय सड़क पर कार खड़ी कर जन्मदिन मनाया जा रहा था। इससे रास्ते में आवागमन प्रभावित हो रहा था और हादसे की आशंका थी।
अमित साहू ने 23 अक्टूबर को सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दी। इसके बाद पुलिस ने CG-04-NY-1910 नंबर की कार के मालिक और चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की।
सार्वजनिक सड़कों पर जन्मदिन मनाने, केक काटने और यातायात बाधित करने के मामलों में हाईकोर्ट पहले भी सख्त निर्देश दे चुका है। कोर्ट ने ऐसे मामलों में कार्रवाई और दोषियों के ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने के निर्देश राज्य सरकार तथा पुलिस को दिए थे। अब बिलासपुर के इस मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।