

बिलासपुर-कोलकाता फ्लाइट शुरू होते ही फिर बंद हुई।
42 बुकिंग के बाद भी विमान ने नहीं भरी उड़ान।
बिलासपुर के यात्रियों के साथ यह कैसा बड़ा मजाक?
एक दिन चली फ्लाइट, दूसरे दिन सेवा पूरी ठप।
एयरपोर्ट और एविएशन विभाग के बयानों में भारी उलझन।
Bilaspur to Kolkata Flight : बिलासपुर से कोलकाता के बीच हवाई सफर करने वाले यात्रियों को एक बार फिर निराशा हाथ लगी है। करीब 37 दिनों तक बंद रहने के बाद 25 अक्टूबर को शुरू हुई कोलकाता फ्लाइट अगले ही दिन फिर बंद हो गई। हैरानी की बात यह है कि जिस दिन उड़ान दोबारा शुरू हुई, पहले दिन 36 यात्रियों ने सफर किया था, जबकि अगले दिन के लिए 42 टिकटों की बुकिंग भी हो चुकी थी। इसके बावजूद विमान का संचालन नहीं हुआ।
दरअसल, बिलासपुर-कोलकाता हवाई सेवा पहले भी यात्रियों की कम संख्या का हवाला देकर बंद की जा चुकी है। 12 अगस्त 2026 को फ्लाइट का समय सुबह से बदलकर दोपहर किया गया था। उस दौरान सुबह की उड़ान में औसतन 45 से 50 यात्री सफर कर रहे थे। इसके बाद 18 सितंबर को कम यात्री मिलने की बात कहकर सेवा बंद कर दी गई। यात्रियों को भरोसा दिया गया था कि विंटर शेड्यूल में उड़ान फिर शुरू होगी।
25 अक्टूबर को विमान ने दोबारा उड़ान भरी, लेकिन अगले ही दिन सेवा ठप हो गई। इस घटनाक्रम ने यात्रियों के साथ-साथ हवाई सुविधा की मांग कर रहे संगठनों की नाराजगी भी बढ़ा दी है।
हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने इस पूरे मामले पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बिलासपुर एयरपोर्ट और यहां के यात्रियों के साथ हवाई सेवा के नाम पर मजाक किया जा रहा है। समिति का सवाल है कि जब 42 यात्रियों की बुकिंग थी, तो उड़ान का संचालन क्यों नहीं किया गया? बार-बार यात्रियों की कमी का हवाला देना उचित नहीं है।
एयरपोर्ट डायरेक्टर बीरेन सिंह के मुताबिक, बिलासपुर-कोलकाता उड़ान बंद होने की जानकारी एलायंस एयर की ओर से मिली है। हालांकि, कंपनी ने इस संबंध में कोई आधिकारिक सूचना उपलब्ध नहीं कराई है।
दूसरी ओर, छत्तीसगढ़ एविएशन विभाग के डायरेक्टर मुकेश बंसल का कहना है कि बिलासपुर-कोलकाता फ्लाइट बंद नहीं हुई है। इसे हैदराबाद से जोड़ने की कोशिश की जा रही है और उड़ान का संचालन जारी है।
ऐसे में एक ही उड़ान को लेकर एयरपोर्ट प्रबंधन और एविएशन विभाग के अलग-अलग बयानों ने स्थिति को और उलझा दिया है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि बिलासपुर से कोलकाता के लिए नियमित हवाई सेवा आखिर कब शुरू होगी?