

बेमौसम बारिश से धान की फसल को भारी नुकसान।
दीपक बैज ने फसल नुकसान पर सरकार को घेरा।
बस्तर के 1083 गांवों में नुकसान का दावा।
किसानों को 65,100 रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने की मांग।
धान खरीदी की तारीख 15 दिन बढ़ाने की मांग।
Raipur Deepak Baij Press Conference : छत्तीसगढ़ में बेमौसम बारिश और चक्रवाती तूफानों के चलते किसानों की फसलों को हुए नुकसान को लेकर सियासत तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने धान की फसल को हुए नुकसान के मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 24 दिनों में आए तीन चक्रवाती तूफानों के कारण प्रदेश के लाखों हेक्टेयर में धान की फसल प्रभावित हुई है, लेकिन सरकार अब तक नुकसान का सर्वे तक नहीं करा पाई है।
कांग्रेस ने प्रभावित किसानों को तत्काल मुआवजा देने, धान खरीदी की अवधि 15 दिन बढ़ाने और बारिश से प्रभावित किसानों के टोकन दोबारा जारी करने की मांग की है।
पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि पिछले 24 दिनों के दौरान आए चक्रवाती तूफान अर्नव, मुरासू और अकवान के कारण किसानों की तैयार धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। कई इलाकों में खेतों में खड़ी फसल बारिश की वजह से प्रभावित हुई है, जबकि कटाई के बाद खेतों और खलिहानों में रखा धान भीगकर खराब हो गया है।
उन्होंने कहा कि किसानों ने काफी मेहनत और लागत लगाकर फसल तैयार की थी, लेकिन मौसम की मार ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। ऐसे समय में सरकार को प्रभावित किसानों के साथ खड़े होकर तत्काल राहत पहुंचानी चाहिए।
दीपक बैज ने बस्तर संभाग में बारिश से हुए नुकसान के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि यहां 1083 गांवों के 74 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा 6154 हेक्टेयर से ज्यादा कृषि भूमि में फसल को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में किसानों और ग्रामीणों के प्रभावित होने के बावजूद सरकार की ओर से राहत और मुआवजे को लेकर ठोस पहल दिखाई नहीं दे रही है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने फसल नुकसान के सर्वे में देरी को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पटवारियों की हड़ताल के कारण प्रभावित किसानों की फसलों का सर्वे नहीं हो पा रहा है। सरकार ने अब तक सर्वे के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं की है। ऐसे में किसानों को नुकसान के आकलन और मुआवजे के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।
बैज ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से परेशान किसानों को राहत देने के बजाय उन्हें सरकारी प्रक्रियाओं में उलझाया जा रहा है। नुकसान का आकलन समय पर नहीं होने से किसानों को आर्थिक सहायता मिलने में भी देरी हो सकती है।
दीपक बैज ने राज्य सरकार के सामने किसानों के लिए कई मांगें रखी हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य के आधार पर 65 हजार 100 रुपये प्रति एकड़ मुआवजा दिया जाना चाहिए। इसके साथ ही किसानों को फसल बीमा की राशि का भुगतान किया जाए और राजस्व पुस्तिका 6/4 के प्रावधानों के तहत क्षतिपूर्ति दी जाए।
कांग्रेस ने बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए धान खरीदी की अंतिम तारीख 15 दिन आगे बढ़ाने की मांग भी की है। दीपक बैज का कहना है कि बारिश के कारण कई किसानों का धान भीग गया है और वे निर्धारित समय में अपनी उपज बेचने की स्थिति में नहीं हैं।
उन्होंने मांग की कि जिन किसानों की फसल बारिश से प्रभावित हुई है, उनके धान खरीदी के टोकन दोबारा जारी किए जाएं, ताकि कोई भी किसान अपनी उपज बेचने के अवसर से वंचित न रहे।