

Anganwadi Vacancy : सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। उत्तर प्रदेश सरकार राज्य की आंगनबाड़ी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़े पैमाने पर भर्ती की तैयारी कर रही है। जानकारी के अनुसार, प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री और सहायिका के हजारों रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
विभाग ने जिलों से खाली पदों का अद्यतन ब्यौरा मांगा है और भर्ती से जुड़ी तैयारियां शुरू कर दी हैं। ऐसे में 12वीं पास महिला उम्मीदवारों के लिए सरकारी सेवा से जुड़ने का सुनहरा अवसर बन सकता है।
मिली जानकारी के मुताबिक राज्य में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री के 7,068 पद और सहायिका के 21,540 पदों पर भर्ती की संभावना है। यानी कुल मिलाकर 28 हजार से अधिक रिक्तियों को भरा जा सकता है। उत्तर प्रदेश भर्ती प्रक्रिया जिलावार आयोजित की जाएगी और संविदा आधार पर नियुक्तियां की जा सकती हैं।
हालांकि अंतिम पद संख्या, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य पात्रता शर्तें संबंधित जिले द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना में स्पष्ट की जाएंगी। विभाग हाल ही में सेवानिवृत्त हुई आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों और सहायिकाओं के खाली हुए पदों को भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल करने की तैयारी कर रहा है।
विभाग का फोकस उन जिलों पर भी है जहां पिछली भर्ती प्रक्रियाएं अधूरी रह गई थीं। लंबित मामलों को निपटाकर नई नियुक्तियों को जल्द शुरू करने की योजना बनाई जा रही है ताकि रिक्त पदों को तेजी से भरा जा सके। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि भर्ती शुरू होने के बाद अपने जिले की आधिकारिक वेबसाइट और नोटिफिकेशन पर नजर बनाए रखें।
वहीं दूसरी ओर, उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड ने 196 नर्सिंग ऑफिसर पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। योग्य उम्मीदवार 2 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को 44,900 रुपये से 1,42,400 रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलने का प्रावधान है, जिससे स्वास्थ्य क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं को भी एक बड़ा अवसर मिलेगा।