

CRPF Constable Vacancy : सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल ने कांस्टेबल टेक्निकल, ट्रेड्समैन और पायनियर विंग भर्ती 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 9195 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 19 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह भर्ती 10वीं पास युवाओं के लिए बड़ा अवसर मानी जा रही है, खासकर उन अभ्यर्थियों के लिए जो सुरक्षा बलों में करियर बनाना चाहते हैं।
इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना जरूरी है। कुछ तकनीकी ट्रेड्स के लिए आईटीआई प्रमाण पत्र और संबंधित क्षेत्र का अनुभव भी मांगा गया है। ड्राइवर पद के लिए वैध भारी मोटर वाहन ड्राइविंग लाइसेंस अनिवार्य रखा गया है।
ड्राइवर पद के लिए आयु सीमा 21 से 27 वर्ष तय की गई है, जबकि अन्य अधिकांश पदों के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम 23 वर्ष रखी गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये है, जबकि एससी, एसटी और सभी वर्ग की महिला उम्मीदवारों को शुल्क में पूरी छूट दी गई है।
चयनित उम्मीदवारों को पे लेवल-3 के तहत 21,700 रुपये से 69,100 रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा। इसके अलावा महंगाई भत्ता, राशन भत्ता, मेडिकल सुविधा और अन्य सरकारी भत्तों का लाभ भी दिया जाएगा।
चयन प्रक्रिया में सबसे पहले शारीरिक दक्षता परीक्षण और शारीरिक मानक परीक्षण होगा। इसके बाद कंप्यूटर आधारित परीक्षा, ट्रेड टेस्ट, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षा आयोजित की जाएगी। उम्मीदवार आवेदन के लिए सीआरपीएफ आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर फॉर्म भर सकते हैं।