पंजाब सरकार ने छीनी सुरक्षा तो केंद्र ने दिया कवच; AAP छोड़ BJP में आए सांसदों को भी मिली सिक्योरिटी

Harbhajan Singh CRPF Security: भगवंत मान सरकार द्वारा सुरक्षा वापस लिए जाने के कुछ ही घंटों बाद, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने हरभजन सिंह और भाजपा में शामिल हुए अन्य सांसदों को CRPF की सुरक्षा दी है।
harbhajan singh
हरभजन सिंह, फोटो- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Central Security Update: पंजाब की राजनीति में मचे घमासान के बीच एक बड़ा सुरक्षा अपडेट सामने आया है। आम आदमी पार्टी से इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी का दामन थामने वाले राज्यसभा सांसदों और पंजाब सरकार के बीच बढ़ती तल्खी अब सुरक्षा घेरे तक पहुंच गई है।

पूर्व क्रिकेटर और सांसद हरभजन सिंह अब केंद्र सरकार के सुरक्षा कवच में रहेंगे। गृह मंत्रालय ने यह फैसला इन नेताओं पर बढ़ते खतरे और पंजाब में उनके आवासों के बाहर हो रहे हंगामे को देखते हुए लिया है। केंद्र ने उनके घरर के बाबर कमांडों तैनात कर दिए हैं।

पंजाब सरकार ने हटाई Z+ सुरक्षा, केंद्र ने तैनात किए कमांडो

रविवार को पंजाब की भगवंत मान सरकार ने हरभजन सिंह की Z+ कैटेगरी की सुरक्षा हटा दी थी, जिसके तहत उनके जालंधर स्थित आवास से करीब 9-10 सुरक्षाकर्मी और सरकारी गाड़ियां वापस बुला ली गई थीं। हालांकि, इसके तुरंत बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय सक्रिय हुआ और CRPF की सुरक्षा मुहैया करा दी। अब हरभजन सिंह दिल्ली और पंजाब, दोनों ही जगहों पर केंद्रीय सुरक्षा बलों के घेरे में रहेंगे और उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी पूरी तरह से सीआरपीएफ के कमांडो संभालेंगे।

हरभजन के घर के बाहर किया था हंगामा

सुरक्षा बढ़ाए जाने के पीछे एक बड़ी वजह शनिवार को हरभजन सिंह के जालंधर स्थित आवास पर हुआ बवाल माना जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने उनके घर की दीवार पर काले स्प्रे से 'पंजाब का गद्दार' लिख दिया था। चौंकाने वाली बात यह थी कि वीडियो में पुलिस वहां खड़ी नजर आई, लेकिन उन्होंने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोई कोशिश नहीं की। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी पार्टी छोड़ने वाले सांसदों पर सीधा हमला बोलते हुए उन्हें 'गद्दार' बताया था और कहा था कि इन नेताओं ने पंजाब की जनता के भरोसे को तोड़ा है। इसी बढ़ते विरोध और सुरक्षा में चूक की आशंका को देखते हुए केंद्र ने यह कदम उठाया है।

स्वाति मालीवाल-संदीप पाठक समेत इन सांसदों को भी मिला कवच

गृह मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, केवल हरभजन सिंह ही नहीं, बल्कि आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले अन्य सभी प्रमुख चेहरों को भी केंद्रीय सुरक्षा दी गई है। इस सूची में राज्यसभा सांसद संदीप पाठक, स्वाति मालीवाल, अशोक मित्तल, राजेंद्र गुप्ता और विक्रमजीत साहनी के नाम शामिल हैं।

इन सभी नेताओं को अब दिल्ली और पंजाब में आवाजाही के दौरान CRPF के कमांडो सुरक्षा प्रदान करेंगे। हाल ही में राघव चड्ढा ने घोषणा की थी कि 'आप' के 7 सांसद भाजपा में शामिल हो रहे हैं, जिसके बाद से ही इन नेताओं और पार्टी नेतृत्व के बीच जुबानी जंग जारी है।

सियासी दलबदल और सुरक्षा पर खींचतान

पंजाब में जारी इस राजनीतिक संकट ने राज्य बनाम केंद्र की लड़ाई को और तेज कर दिया है। जहां एक तरफ राज्य सरकार इन नेताओं पर विश्वासघात का आरोप लगाकर उनकी सरकारी सुविधाएं कम कर रही है, वहीं केंद्र सरकार इन्हें सुरक्षा मुहैया कराकर यह संदेश दे रही है कि वह अपने नए सहयोगियों के साथ खड़ी है। स्वाति मालीवाल और विक्रमजीत साहनी जैसे नेताओं के भाजपा में शामिल होने की पुष्टि के बाद आने वाले दिनों में यह सियासी टकराव और बढ़ने की उम्मीद है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com