

High Court Jobs : छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर ने न्यायिक सहायक (जूनियर ज्यूडिशियल असिस्टेंट - लाइब्रेरी) भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 20 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। लाइब्रेरी साइंस में स्नातक डिग्री रखने वाले उम्मीदवारों के लिए यह सरकारी नौकरी पाने का शानदार अवसर है।
इच्छुक अभ्यर्थी 20 जुलाई 2026 तक ऑफलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र स्पीड पोस्ट के जरिए रजिस्ट्रार जनरल, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर को भेजना होगा। भर्ती के तहत चयनित उम्मीदवारों को वेतन मैट्रिक्स लेवल-4 के अनुसार आकर्षक वेतन प्रदान किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय की इस भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से पुस्तकालय विज्ञान (Library Science) में स्नातक होना अनिवार्य है। साथ ही आवेदक भारतीय नागरिक होना चाहिए और उसका चरित्र एवं स्वास्थ्य संतोषजनक होना चाहिए।
सामान्य वर्ग के अन्य राज्यों के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि छत्तीसगढ़ के मूल निवासियों के लिए यह सीमा 40 वर्ष है।
राज्य के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों को आयु में छूट दी गई है। वहीं छत्तीसगढ़ की स्थानीय महिला अभ्यर्थियों को अधिकतम 50 वर्ष तक आवेदन करने की अनुमति दी गई है।
भर्ती प्रक्रिया में सबसे पहले लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद सफल उम्मीदवारों को 1:15 के अनुपात में कौशल परीक्षण (Skill Test) के लिए बुलाया जाएगा। अंतिम मेरिट सूची दोनों चरणों में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। चयनित उम्मीदवारों को 19,500 रुपये से 62,000 रुपये तक का वेतन मिलेगा।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को अधिसूचना के अनुसार फॉर्म भरकर सभी आवश्यक दस्तावेज संलग्न करने होंगे और निर्धारित पते पर समय सीमा के भीतर भेजना होगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।