AIIMS Raebareli Recruitment 2026: सीनियर रेजिडेंट के 153 पदों पर भर्ती, 14 जुलाई तक करें ऑनलाइन आवेदन

Medical Jobs : AIIMS रायबरेली ने 153 सीनियर रेजिडेंट पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। MD, MS, DNB, DM और MCh डिग्रीधारी उम्मीदवार 14 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
AIIMS Raebareli has invited online applications for 153 Senior Resident posts, with the application deadline set for July 14, 2026.
AIIMS रायबरेली (फोटो - गूगल इमेज)
Updated on

AIIMS Vacancy : अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) रायबरेली ने वर्ष 2026 के लिए सीनियर रेजिडेंट (Senior Resident) के 153 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 14 जुलाई 2026 तक AIIMS रायबरेली की आधिकारिक वेबसाइट aiimsrbl.edu.in पर आवेदन कर सकते हैं।

भर्ती के तहत एनेस्थीसिया, जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी, कार्डियोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, ट्रॉमा एवं इमरजेंसी मेडिसिन, पीडियाट्रिक्स, रेडियोलॉजी, यूरोलॉजी, न्यूरोसर्जरी, त्वचा रोग, मेडिकल ऑन्कोलॉजी समेत कई विभागों में नियुक्तियां की जाएंगी।

सबसे अधिक 13 पद एनेस्थीसिया एवं क्रिटिकल केयर विभाग में, जबकि जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी और ट्रॉमा एवं इमरजेंसी मेडिसिन में 10-10 पद निर्धारित किए गए हैं।

AIIMS रायबरेली में 153 सीनियर रेजिडेंट पदों पर भर्ती

आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास मान्यता प्राप्त MBBS डिग्री के साथ संबंधित विषय में MD, MS, DNB, DM, MCh या DNB-SS जैसी पोस्टग्रेजुएट योग्यता होना अनिवार्य है। उम्मीदवार का नाम केंद्रीय या राज्य मेडिकल काउंसिल में पंजीकृत होना भी जरूरी है। सीनियर रेजिडेंट पद के लिए अधिकतम आयु 45 वर्ष निर्धारित की गई है।

आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी। SC/ST वर्ग को 5 वर्ष, OBC को 3 वर्ष तथा दिव्यांग उम्मीदवारों को श्रेणी के अनुसार 10 से 15 वर्ष तक अतिरिक्त छूट प्रदान की जाएगी। आवेदन शुल्क सामान्य, OBC और EWS वर्ग के लिए 1,180 रुपये, SC/ST के लिए 944 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि PwBD उम्मीदवारों को शुल्क से पूरी तरह छूट दी गई है।

उम्मीदवार 14 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन करें

चयन प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में MCQ आधारित लिखित परीक्षा होगी, जिसे अंतिम मेरिट में 80 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा। इसके बाद संबंधित विभाग द्वारा 20 प्रतिशत वेटेज के साथ डिपार्टमेंटल असेसमेंट किया जाएगा। दोनों चरणों के प्रदर्शन के आधार पर अंतिम चयन सूची तैयार होगी।

चयनित उम्मीदवारों को 7वें वेतन आयोग के पे मैट्रिक्स लेवल-11 के अनुसार 67,700 रुपये प्रतिमाह शुरुआती वेतन मिलेगा। इसके अलावा पात्र मेडिकल अधिकारियों को नॉन-प्रैक्टिसिंग अलाउंस (NPA) का लाभ भी दिया जाएगा। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक अधिसूचना में सभी पात्रता शर्तों और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी ध्यान से पढ़ लें।

Navbharat Live
navbharatlive.com