

MP Health News: मध्य प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को जमीनी स्तर पर और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजधानी भोपाल स्थित आर.सी.वी.पी. नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजनाओं का शिलान्यास और अनावरण किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन तक बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी नई योजनाओं को गति देने, चिकित्सा सेवाओं के विस्तार और आधुनिक सुविधाओं के विकास पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर नागरिक को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच स्वास्थ्य सेवाओं का अंतर कम किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने "सुमन पंचायत" (सुरक्षित मातृत्व आश्वासन पंचायत) योजना का शुभारंभ किया। इस योजना का मुख्य लक्ष्य मातृ और शिशु मृत्यु दर को न्यूनतम स्तर पर लाना है।
बढ़ती स्वास्थ्य चुनौतियों को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने 'स्टेट एएमआर एक्शन प्लान 2.0' जारी किया। एंटीबायोटिक दवाओं के अनियंत्रित और अनुचित उपयोग से उत्पन्न प्रतिरोधक क्षमता को रोकने के लिए यह राज्य स्तरीय कार्य योजना तैयार की गई है। इसमें प्रयोगशालाओं की क्षमता बढ़ाने, संक्रमण नियंत्रण और 'वन हेल्थ' दृष्टिकोण को प्राथमिकता दी गई है।
एचपीवी टीकाकरण में देश में अव्वल:मध्य प्रदेश ने पात्र किशोरियों के टीकाकरण के लक्ष्य का लगभग 96 प्रतिशत (7.64 लाख से अधिक किशोरियाँ) प्राप्त कर लिया है। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए राजगढ़, डिंडौरी और मुरैना जिले राज्य में पहले तीन स्थानों पर रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि चिकित्सक द्वारा अपनेपन के साथ की गई देखरेख ही रोगी को स्वस्थ बनाती है इसलिए चिकित्सक ईश्वर का ही रूप है।" उन्होंने इस सफलता का श्रेय प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग, पैरा-मेडिकल स्टाफ, आशा-आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और जन प्रतिनिधियों की सामूहिक मेहनत को दिया।
https://youtu.be/oN8aeO-UxNM?si=y-RMLJsO0vxjLKh2