अगले 25 साल में भारत छूएगा ऊंचाई का नया शिखर, 35,000 अरब अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य करेगा हासिल
अमेजिंग गोवा ग्लोबल बिजनेस समिट 2024 के उद्घाटन सत्र में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारतीय अर्थव्यवस्था के आने वाले 25 सालों में 35,000 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचने की बात कही है।
- Written By: अपूर्वा नायक
पीयूष गोयल (सौजन्य : सोशल मीडिया)
पणजी : गोवा में निवेश को बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने अमेजिंग गोवा ग्लोबल बिजनेस समिट 2024 नामक कार्यक्रम का आयोजन किया है। इस कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाने पहुंचे केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। शुक्रवार को उन्होंने कहा है कि भारत विकास के नए बेंचमार्क सेट कर रहा है। फिलहाल देश की मौजूदा अर्थव्यवस्था 3,500 अरब डॉलर की है, जो आने वाले 25 सालों में 35,000 अरब डॉलर तक के आंकड़े को पार कर सकती है।
‘अमेजिंग गोवा ग्लोबल बिजनेस समिट’ 2024 के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए गोयल ने कहा है कि 21वीं सदी भारत की है और यह 3 साल में तीसरी सबसे बड़ी ग्लोबल इकोनॉमी बनने की राह पर है। ‘वाइब्रेंट गोवा फाउंडेशन’ की पहल पर आयोजित शिखर सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु सहित कई अन्य हस्तियां मौजूद रहीं।
21वीं सदी भारत की सदी
गोयल ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सही कहा है कि 21वीं सदी भारत की सदी है। आज हम जो कर रहे हैं, वह सबसे बेहतर और सबसे व्यापक है। साथ ही उन्होंने कहा ये भी कहा है कि हम 2047 तक भारत को एक विकसित और समृद्ध राष्ट्र बनाने के लिए केंद्रित दृष्टिकोण के साथ काम कर रहे हैं, 2047 में जब हम स्वतंत्रता की 100वीं वर्षगांठ मनाएंगे।
सम्बंधित ख़बरें
नवभारत संपादकीय: डॉलर के आगे कमजोर रुपया, महंगाई और आयात पर बढ़ा दबाव; विदेश यात्रा भी महंगी
India Canada FTA: भारत और कनाडा के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर बनी सहमति, पीयूष गोयल ने की चर्चा
उत्तर मुंबई में विकास कार्यों को रफ्तार, पीयूष गोयल ने नाला सफाई और रोजगार केंद्रों की समीक्षा की
उत्तर मुंबई को उत्तम मुंबई बनाने का संकल्प, पीयूष गोयल ने नाला सफाई और अतिक्रमण पर दिखाए सख्त तेवर
सबसे तेजी से बढ़ने वाली इकोनॉमी
मंत्री ने कहा कि भारत की विकास गाथा अगले 25 साल में हमारी अर्थव्यवस्था को 3,500 अरब अमेरिकी डॉलर से 35,000 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचा देगी। गोयल ने कहा है कि यह 10 गुना बढ़त भारत की मजबूत आर्थिक बुनियाद के दम पर है। हम सबसे तेजी से बढ़ने वाली इकोनॉमी हैं। कम मुद्रास्फीति, मजबूत विदेशी मुद्रा भंडार और निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल की वजह से देश में पिछले 10 साल में उससे पिछले दशक की तुलना में दोगुना प्रत्यक्ष विदेशी निवेश यानी एफडीआई आया है।
ये भी पढ़ें :- SBI ने जारी की तिमाही रिपोर्ट, मुनाफे में मारी बाजी
योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने इस मौके पर कहा कि गोवा प्रधानमंत्री मोदी के दृष्टिकोण में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा है कि आज हम यहां नए गोवा को पेश करने आए हैं, जो भविष्य में एक जीवंत इंवेस्टमेंट डेस्टिनेशन के रूप में उभरने के लिए तैयार है। हम टूरिज्म से आगे बढ़कर राज्य को उभरते उद्योगों का एक संपन्न केंद्र बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं, जो गोवा को ग्लोबल मानचित्र पर पहचान दिलाएगा।
सबसे कम जोखिम वाला देश
पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत जोखिम विश्लेषण के मामले में सबसे कम जोखिम वाले देशों में से एक है। इस तीन दिवसीय ‘अमेजिंग गोवा ग्लोबल बिजनेस समिट’ 2024 में तटीय राज्य में निवेश आकर्षित करने के लिए विभिन्न सत्र, बिजनेस-टू-बिजनेस बैठकें और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
