बिहार के समस्तीपुर में खूनी तांडव! स्कूल जा रही 12वीं की छात्रा पर बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां, मौके पर ही मौत

Bihar Crime News: बिहार के समस्तीपुर में स्कूल जा रही 12वीं की छात्रा की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने संदिग्ध की पहचान कर जांच तेज करते हुए SIT गठन किया है।
Samastipur Crime News
सांकेतिक तस्वीर
Updated on

Samastipur School Girl Shot Dead: बिहार के समस्तीपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, यहां सुबह स्कूल जा रही 12वीं कक्षा की एक छात्रा की गोली मारकर हत्या कर गई है। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप है। स्कूल यूनिफॉर्म में घर से निकली छात्रा पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, घटना बिहार के समस्तीपुर जिले के वैनी थाना क्षेत्र के केजिया गांव की है। पुलिस ने मौके से चार खोखे बरामद किए हैं और मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित करने की तैयारी शुरू कर दी है। मृतका कस्तूरबा विद्यालय की 12वीं कक्षा की छात्रा थी। सोमवार सुबह वह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान घर के समीप ही अज्ञात हमलावर ने उस पर गोलियां चला दीं।

गोली लगने से छात्रा की मौके पर ही मौत

पुलिस के अपनी प्रारंभिक जांच में बताया कि छात्रा के शरीर में तीन गोलियां लगीं, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद इसकी आधिकारिक पुष्टि होगी। गोली लगने से छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वैनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। एफएसएल और डीआईओ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य जुटाए।  पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखे बरामद किए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। सदर-1 एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस इस घटना को बेहद जघन्य अपराध मानते हुए गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्रा के परिजनों से महत्वपूर्ण जानकारी मिली है, जिसके आधार पर एक संदिग्ध आरोपी की पहचान कर ली गई है।

सभी पहलुओं की जांच कर रही पुलिस

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एसडीपीओ ने कहा कि घटना के कारणों को लेकर परिजनों ने कुछ अहम जानकारियां दी हैं। पुलिस इन्हीं तथ्यों को आधार बनाकर जांच को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि गोली चलाने वालों की संख्या के संबंध में फिलहाल कुछ भी स्पष्ट नहीं है और यह अनुसंधान का विषय है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

उन्होंने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद गोली लगने की संख्या और अन्य चिकित्सकी तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड के शीघ्र खुलासे के लिए एसआईटी का गठन किया जा रहा है और तकनीकी तथा वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज कर दी गई है।

Navbharat Live
navbharatlive.com