

BPSSC Vacancy : बिहार पुलिस अधीनस्थ सेवा आयोग (BPSSC) ने गृह विभाग (पुलिस शाखा) के अंतर्गत सब-इंस्पेक्टर (SI) के 150 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 9 जुलाई 2026 से 9 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती के लिए सभी श्रेणियों के अभ्यर्थियों से 100 रुपये आवेदन शुल्क लिया जाएगा। उम्मीदवारों की आयु और शैक्षणिक योग्यता की गणना 1 अगस्त 2025 के आधार पर की जाएगी।
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक (Graduation) या समकक्ष डिग्री धारक होना अनिवार्य है। आयु सीमा के अनुसार सामान्य वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों की आयु 20 से 37 वर्ष, सामान्य महिला तथा पिछड़ा वर्ग/अति पिछड़ा वर्ग के पुरुष एवं महिला उम्मीदवारों की 20 से 40 वर्ष, जबकि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों की 20 से 42 वर्ष के बीच होनी चाहिए। जन्मतिथि का निर्धारण मैट्रिकुलेशन या समकक्ष प्रमाणपत्र के आधार पर किया जाएगा।
शारीरिक मानकों के तहत सामान्य और पिछड़ा वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों की न्यूनतम लंबाई 165 सेंटीमीटर, जबकि अत्यंत पिछड़ा वर्ग, एससी और एसटी पुरुषों के लिए 160 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है।
पुरुषों के लिए छाती का माप सामान्य/पिछड़ा वर्ग में 81 सेमी (बिना फुलाए) और 86 सेमी (फुलाकर) तथा आरक्षित वर्ग में 79 सेमी और 84 सेमी होना चाहिए। सभी वर्गों की महिला उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम लंबाई 155 सेंटीमीटर तय की गई है।
पहले चरण में 200 अंकों की प्रारंभिक वस्तुनिष्ठ परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें सफल उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा में शामिल होना होगा। मुख्य परीक्षा में पहला प्रश्नपत्र 200 अंकों का होगा, जिसमें सामान्य अध्ययन, गणित, तर्कशक्ति, अंग्रेजी, हिंदी और बिहार सामान्य ज्ञान से प्रश्न पूछे जाएंगे।
दूसरा प्रश्नपत्र 50 अंकों का वर्णनात्मक होगा, जिसमें हिंदी एवं अंग्रेजी निबंध, अंग्रेजी संक्षेप और हिंदी से अंग्रेजी अनुवाद शामिल रहेगा। लिखित परीक्षा के बाद सफल अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के लिए बुलाया जाएगा, जिसके आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा।