

Bihar Election Results: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के परिणाम सामने आ चुके हैं। सूबे में नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ रहे एनडीए ने प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की है। सूबे में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी भाजपा को राजद से कम वोट मिले हैं। लेकिन सीटों के मामले में वह लालू की पार्टी से साढ़े 3 गुना आगे है।
चुनाव नतीजों के सामने आने के बाद सवाल यह उठ रहा है वोट शेयर के मामले में 23 फीसदी के साथ टॉप करने वाली लालू यादव की पार्टी आरजेडी सीटों के मामले में इतना क्यों पिछड़ गई? 20.08% वोट पाकर बीजेपी 85 सीटें जीतने में कामयाब होती है, जबकि आरजेडी महज 25 सीटों पर सिमट कर रह जाती है। आखिर इसके पीछे क्या कुछ कारण है।
दरअसल, राष्ट्रीय जनता दल को बीजेपी से ज्यादा वोट शेयर मिलने के दो कारण हैं। पहला उसने 143 सीटों पर चुनाव लड़ा था। जबकि बीजेपी सिर्फ 101 सीटों पर ही चुनाव लड़ी थी। इस लिहाज से राजद को ज्यादा वोट शेयर मिलना लाजमी है। इसके साथ ही कई सीटों पर राजद के उम्मीदवार मामूली अंतर से चुनाव हारे हैं। यह दूसरा कारण है।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। उसे 89 सीटों पर जीत हासिल हुई है। इसके साथ ही नीतीश कुमार की जनता दल यूनाइटेड को 85 सीटों पर विजयश्री मिली है। दोनों ही पार्टियों ने 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ा था। जेडीयू को 19.25 प्रतिशत वोट मिले हैं।
एनडीए के सहयोगी दलों में 29 सीटों पर लड़ने वाली चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 19 सीटों पर जीत मिली है। इसके साथ ही 6 सीटों पर चुनाव लड़ी जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को 5 और 6 ही सीटों पर लड़ने वाली उपेन्द्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा को 4 सीटों फतह हासिल हुई है।
तेजस्वी यादव की लीडरशिप वाले महागठबंधन में राष्ट्रीय जनता दल को 25 सीटों पर जीत मिली हैं। इसके साथ ही उसके सहयोगियों में कांग्रेस को 6 और वाम दलों को तीन सीटों पर विजयश्री मिली है। इसके अलावा डिप्टी सीएम पद की मांग करने वाले मुकेश सहनी की पार्टी VIP खाता भी नहीं खोल पाई है।