बिहार चुनाव से पहले जनसुराज में विलीन हुई RCP की ‘आसा’, प्रशांत किशोर बोले- बीजेपी पिछले दरवाजे से…!
जेडीयू से अलग होकर अपनी नई पार्टी बनाने वाले आरसीपी सिंह ने अपनी पार्टी आप सबकी आवाज (AASA) का विलय जनसुराज में कर दिया। जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा कि आरसीपी सिंह के आने से जनसुराज को मजबूती मिलेगी।
- Written By: अभिषेक सिंह
आरसीपी सिंह व प्रशांत किशोर (सोर्स- सोशल मीडिया)
पटना: बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में अपने राजनीतिक भविष्य को ध्यान में रखते हुए राजनीतिक दलों के नेता बड़े फैसले ले रहे हैं। जेडीयू से अलग होकर अपनी नई पार्टी बनाने वाले आरसीपी सिंह ने अपनी पार्टी आप सबकी आवाज (AASA) का विलय जनसुराज में कर दिया। जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा कि आरसीपी सिंह के आने से जनसुराज को मजबूती मिलेगी।
इस दौरान दोनों नेताओं ने जेडीयू और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोला। इस मौके पर जनसुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर ने कहा कि हम आरसीपी सिंह का तहे दिल से शुक्रिया अदा करते हैं। उनके आने से पार्टी को काफी फायदा होगा। इससे उन लोगों की सोच को भी फायदा होगा जो चाहते हैं कि बिहार में अलग राजनीतिक व्यवस्था बने। बिहार फिर से जंगलराज की ओर न लौटे।
क्या बोले प्रशांत किशोर?
नीतीश कुमार की स्थिति के चलते बीजेपी पिछले दरवाजे से सत्ता पर कब्जा न कर ले, इसके लिए हम दोनों एक मंच पर आए हैं। प्रशांत किशोर ने जेडीयू के लोगों से अपील की है कि जेडीयू डूबती हुई नाव है और उन्हें जल्दी से जेडीयू छोड़कर जनसुराज में शामिल हो जाना चाहिए क्योंकि नीतीश कुमार की स्थिति पहले जैसी नहीं है। अपराध, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता से मुक्त अगर कोई राजनीतिक व्यवस्था है तो वह जन सुराज है।
सम्बंधित ख़बरें
नो एंट्री का बोर्ड हटा! नीतीश कुमार के घर पहुंचे आरसीपी सिंह; जदयू में वापसी की अटकलें तेज
बिहार की सबसे बड़ी सियासी जंग! बांकीपुर से चुनाव लड़ेंगे प्रशांत किशोर, सम्राट चौधरी को दी खुली चुनौती
Bharat Tiwari Encounter: भोजपुर में उमड़ा जनसैलाब, महापंचायत के मंच से प्रशांत किशोर ने दी बड़ी चेतावनी
NDA से फिर हुआ नीतीश का मोहभंग! मोदी सरकार ने दी थी ये बड़ी जिम्मेदारी, पूर्व सीएम ने सामने से क्यों ठुकराया?
‘JDU को 5 ठेकेदार चला रहे’
उन्होंने कहा कि जेडीयू को पांच ठेकेदार चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में बहुत कम लोग हैं जिन्हें आरसीपी सिंह जैसा काम करने का अनुभव है। आरसीपी सिंह आईएएस अधिकारी रहे हैं। मैं जानता हूं कि अगर सबसे समझदार कार्यकर्ता किसी पार्टी में है तो वह जनता दल यूनाइटेड में है। जन सुराज में समाजवाद को जिंदा रखा जाएगा।
प्रशांत किशोर ने कहा कि नीतीश कुमार न तो अपनी पार्टी चला रहे हैं और न ही सरकार। सरकार ऐसे लोग चला रहे हैं जो ठेकेदार हैं और उन्हें राजनीतिक अनुभव नहीं है। जेडीयू के जिन पांच नेताओं ने पार्टी को हाईजैक किया है उनसे जाकर पूछिए कि लोगों के बीच उनका क्या प्रभाव है। अगर हम नहीं होते तो ये लोग अब कहां होते? उन्होंने कहा कि हमें धमकी दी जाती है कि कानूनी नोटिस भेजे जाएंगे, हम कानूनी नोटिस से डरने वाले नहीं हैं।
‘बिहार में अफसरों का जंगलराज’
प्रशांत किशोर ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि अशोक चौधरी और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सदानंद सिंह हमारे कमरे में आकर बैठते थे और कहते थे कि लालू प्रसाद से बात करो, जब हम वहां जाते हैं तो लालू प्रसाद हमारा बहुत अपमान करते हैं। पीके ने कहा कि बिहार में अफसरों का जंगलराज है।
उन्होंने कहा कि जिन चार लोगों ने जेडीयू को हाईजैक किया है, उनसे जनता दल (यूनाइटेड) के जिला अध्यक्ष का नाम पूछा जाए तो उन्हें नहीं पता होगा। जब उनसे पूछा गया कि जन सुराज सरकार बनने पर मुख्यमंत्री कौन होगा? प्रशांत किशोर ने कहा कि कम से कम आप लोगों ने यह तो मान लिया कि मुख्यमंत्री हमारी पार्टी से होगा, यह हम बाद में तय करेंगे।
