नीतीश कुमार और राबड़ी देवी में नोकझोंक हुई।
पटना: बिहार में चुनावी सरगर्मी के साथ विधान परिषद का माहौल भी गरमाने लगा है। बृहस्पतिवार को सत्ता पक्ष के विरोध में विपक्ष वेल तक पहुंच गया और हंगामा करने लगा जिसके बाद दोनों तरफ से तीखी बहस शुरू हो गई। सदन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजद सरकार पर हल्ला बोलते हुए पूर्व सीएम राबड़ी देवी के ऊपर भी जमकर कटाक्ष किया जिससे विपक्ष तिलमिला उठा। इसके बाद विपक्ष ने सदन से वॉकआउट कर दिया।
सदन में कोमल हत्याकांड पर अपराधियों पर अब तक कड़ा एक्शन न लिए जाने की बात कहते हुए विपक्ष की ओर से प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया जाने लगा। सदन में ही जमकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू हो गई। इस पर सीएम नीतीश भी भड़क गए और बोले कि अपराध हुआ है तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई भी होगी और सजा भी होगी।
बिहार की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
मुख्यमंत्री नीतीश सदन में राबड़ी देवी के आरोपों पर भड़क गए। उन्होंने कहा कि आज जो कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रही उनके शासन काल में बिहार की हालत क्या थी शायद भूल गईं। इनको कुछ पता नहीं है, आज बोल रही हैं। पति जब हटे तो घर के ही लोग को सीएम बना दिया गया। क्या थीं ये और कैसे सीएम बन गई। उन्होंने ठेठ अंदाज में कहा- कउन चीज के सीएम बन गई तू, कुछ मालुमै नहीं रहा। आप लोगों को कुछ बोलने का अधिकार नहीं हैं। शांति से बैठे रहिए और सदन की कार्यवाही चलने दीजिए।
पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने कहा कि मौजूदा सरकार में अपराध लगातार बढ़ रहा है। आज रेप, हत्या, छिनौती, लूट, अपहरण और फिरौती जैसी घटनाएं बढ़ गई हैं। सरकार इस और ध्यान ही नहीं दे रही है। कागज पर अपराध कंट्रोल हो रहा है, असली में देखें तो प्रदेश में पूरी तरह से जंगलराज कायम हो गया है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये लोग नीतीश कुमार को उकसाते रहते हैं।