मोकामा में 40 साल से ‘अनंत’ है ‘छोटे सरकार’ का राज, अब जुड़वां बेटे संभालेंगे राजनैतिक विरासत?
Bihar Politics: दुलारचंद यादव हत्याकांड में शनिवार देर रात बाहुबली अनंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद से अनंत सिंह बिहार की राजनीति में चर्चा का विषय बने हुए हैं।
- Written By: अभिषेक सिंह
अनंत सिंह व उनके दोनों बेटे (सोर्स- सोशल मीडिया)
Anant Singh News: दुलारचंद हत्याकांड में शनिवार देर रात बाहुबली अनंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद से अनंत सिंह बिहार की राजनीति में चर्चा का विषय बने हुए हैं। अनंत सिंह 20 सालों से मोकामा सीट पर छाए हुए हैं। एक दौर ऐसा भी था जब उनकी पत्नी नीलम देवी ने कमान संभाली थी। अब अनंत सिंह फिर से जेल में हैं।
एक तरह से अनंत सिंह पिछले 40 सालों से मोकामा पर राज कर रहे हैं, लेकिन इसकी शुरुआत अनंत सिंह के भाई दिलीप सिंह ने की थी। लेकिन इस दौरान भी वह अपने भाई की भरपूर मदद करते थे साथ ही उनका भी एक रसूख था।
बड़े भाई ने रखी सियासी बुनियाद
अनंत सिंह चार भाइयों में सबसे छोटे हैं। उनका राजनैतिक और आपराधिक इतिहास खूब चर्चा में रहता है। अनंत सिंह के भाई दिलीप सिंह लोगों के बीच “बड़े सरकार” के नाम से मशहूर थे। कहा जाता है कि दिलीप सिंह ने ही इस परिवार के राजनीतिक करियर की नींव रखी।
सम्बंधित ख़बरें
नीतीश कुमार को जबरदस्ती हटाया गया! बांकीपुर में भाजपा की हार पर बोले अनंत सिंह, सम्राट चौधरी के लिए क्या कहा?
नितिन नबीन का द्वार…BJP की करारी हार, सम्राट की कुर्सी पर लटकी तलवार! बांकीपुर का रिजल्ट बदलेगा बिहार?
बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर की ऐतिहासिक जीत, 100 करोड़ की संपत्ति वाले PK ने रचा इतिहास! देखें VIDEO
बांकीपुर उपचुनाव जीतते ही प्रशांत किशोर ने BJP को दी खुली चुनौती, कह दी बहुत बड़ी बात! देखें VIDEO
कैसे हुई अनंत की राजनैतिक एंट्री?
दिलीप सिंह ने 1985, 1990 और 1995 में चुनाव लड़ा और मोकामा सीट से जीत हासिल की। इसके बाद 2000 के विधानसभा चुनाव में उनका मुकाबला बाहुबली सूरजभान सिंह से हुआ। उसी साल दिलीप सिंह चुनाव हार गए। इसके बाद अनंत सिंह 2005 के विधानसभा चुनाव में मैदान में उतरे और जनता ने उनका भरपूर समर्थन किया, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें जीत मिली।
2022 में पत्नी ने संभाली कमान
अनंत सिंह 2005 से 2020 तक लगातार मोकामा सीट पर काबिज रहे। इस दौरान अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी भी चुनावी मैदान में उतरीं। 2022 में एक आपराधिक मामले में सजा होने के कारण अनंत सिंह ने अपना विधायक पद खो दिया। इसके बाद उनकी पत्नी ने कमान संभाली।
यह भी पढ़ें: गिरफ्तारी के बाद अनंत सिंह का पहला रिएक्शन, चुनाव लड़ने को लेकर दिया बड़ा बयान; मोकामा में अब क्या?
2022 में, मोकामा सीट पर उपचुनाव हुआ, जिसमें अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी ने जीत हासिल की। उन्होंने राजद के टिकट पर चुनाव लड़ा और आज भी विधायक हैं। हालाँकि, इस बार जेल से रिहा होने के बाद, अनंत ने जदयू के टिकट पर चुनाव लड़ने की घोषणा की। बाद में, नीतीश कुमार ने उन्हें उम्मीदवार बनाया।
जुड़वा बेटे संभालेंगे अनंत की विरासत?
अनंत सिंह के जुड़वां बेटे हैं, अंकित सिंह और अभिषेक सिंह। दोनों वर्तमान में राजनीति विज्ञान में ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहे हैं। इसी वजह से चर्चा है कि अनंत सिंह की राजनैतिक विरासत उनके दोनों बेटे संभाल सकते हैं।
