CM बदलना है तो फिर से चुनाव कराएं, नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर फूट-फूटकर रो रहे JDU नेता, देखें VIDEO
Bihar Politics: नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा से बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। जेडीयू की ओर से आज वो नामांकन दाखिल कर सकते हैं।
- Written By: अर्पित शुक्ला
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर फूट-फूटकर रो रहे JDU नेता (Image- Social Media)
Bihar Politics Update: बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चाओं के बीच राज्य की राजनीति गरमा गई है। उनकी पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) के अंदर भी हलचल तेज हो गई है और इस मुद्दे पर असंतोष के सुर सुनाई देने लगे हैं। गुरुवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर इकट्ठा होकर नीतीश कुमार के समर्थन में नारेबाजी की। उनका कहना है कि अगर मुख्यमंत्री बदले जाते हैं तो फिर से चुनाव कराया जाना चाहिए।
पार्टी नेता राजीव रंजन पटेल ने कहा कि वे नीतीश कुमार को राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करने नहीं जाने देंगे। वहीं दूसरी ओर, नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार आज जेडीयू की सदस्यता लेकर राजनीति में कदम रखने वाले हैं। बताया जा रहा है कि पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा सुबह करीब 10:30 बजे जेडीयू कार्यालय में उन्हें पार्टी में शामिल कराएंगे।
पटना में बढ़ा सियासी माहौल
राजधानी पटना में गुरुवार सुबह से ही राजनीतिक माहौल गर्म हो गया। नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की अटकलों के बीच जेडीयू के कई कार्यकर्ता नाराज दिखाई दे रहे हैं। सैकड़ों कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका आरोप है कि दिल्ली में नीतीश कुमार के खिलाफ साजिश रची जा रही है।
सम्बंधित ख़बरें
मुंबई के Lenskart स्टोर में घुसीं नाजिया इलाही खान, तिलक मिटाने के विवाद पर कर्मचारियों की लगा दी क्लास! VIDEO
ट्रेंड सेट करने में माहिर PM Modi, गूगल पर ‘झालमुड़ी’ हो रहा सबसे ज्यादा सर्च, तोड़ा 22 साल का रिकॉर्ड
‘नकली विरोध की कराई जा रही शूटिंग…’, महिला आरक्षण बिल पर अखिलेश यादव ने बीजेपी पर कसा तंज, बताया काली करतूत
नमाज के फायदे बताने पर भड़के लोग, नमिता थापर को सोशल मीडिया पर किया गया बुरी तरह ट्रोल! देखें VIDEO
‘नीतीश के लिए हमने मेहनत की’
जेडीयू नेता राजीव रंजन पटेल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर नारे लगाए। उन्होंने कहा, “कल खबरों के जरिए हमें पता चला कि नीतीश कुमार राज्यसभा जा सकते हैं। यह सुनकर जेडीयू के किसी भी नेता ने होली नहीं मनाई। इस खबर ने हमारी खुशी खराब कर दी।”
उन्होंने आगे कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता हर हाल में नीतीश कुमार को ही बिहार का मुख्यमंत्री देखना चाहते हैं। उनके मुताबिक, जनता और कार्यकर्ताओं ने उन्हें मुख्यमंत्री बनाने के लिए पूरी मेहनत की है, न कि वे बीच में पद छोड़ दें।
#WATCH | पटना: JDU नेता राजीव रंजन पटेल ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा नामांकन भरने करने की संभावना पर कहा, “(नीतीश कुमार के बेटे)निशांत कुमार को राज्यसभा भेजें लेकिन बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रहें। बिहार की जनता रो रही है, किसी ने कल होली नहीं मनाई है…… pic.twitter.com/24jRGJSNZ9 — ANI_HindiNews (@AHindinews) March 5, 2026
निशांत को राज्यसभा भेजने की मांग
राजीव रंजन पटेल ने यह भी कहा कि यदि जरूरत हो तो निशांत कुमार को राज्यसभा भेजा जा सकता है, लेकिन बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही बने रहने चाहिए। उनका कहना है कि हजारों कार्यकर्ता इस खबर से दुखी हैं, क्योंकि लोगों ने घर-घर जाकर नीतीश के नाम पर वोट मांगे थे, किसी और के लिए नहीं।
“नीतीश के नाम पर चुनाव क्यों लड़ा?”
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि ऐसा फैसला लेना था तो पहले कार्यकर्ताओं से चर्चा की जानी चाहिए थी। उनके अनुसार, अगर मुख्यमंत्री बदले जाते हैं तो जनता से भी राय ली जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर किसी को नेतृत्व बदलना है तो पहले चुनाव कराकर बहुमत हासिल करे।
पार्टी के फैसले पर अलग-अलग राय
राजीव रंजन पटेल ने कहा कि वे मुख्यमंत्री आवास के बाहर ही रहेंगे और नीतीश कुमार को राज्यसभा नामांकन दाखिल करने नहीं जाने देंगे। उनका कहना है कि निशांत कुमार का नामांकन हो सकता है, लेकिन नीतीश कुमार को नहीं जाने दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- CM पद छोड़ने के लिए कैसे राजी हुए नीतीश कुमार? होली पर सुबह से शाम तक चली उठापटक, जानें इनसाइड स्टोरी
वहीं जेडीयू के एक अन्य नेता संजय सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार पार्टी के सबसे बड़े नेता हैं और यदि उन्होंने राज्यसभा जाने का निर्णय लिया है तो उनके फैसले का सम्मान किया जाएगा। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि बिहार की जनता चाहती है कि नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री बने रहें। उनके मुताबिक, लोगों में यह चिंता है कि उनका नेता उन्हें छोड़कर दिल्ली जा सकता है।
