बिहार चुनाव से पहले जेडीयू को बड़ा झटका, संतोष कुशवाहा समेत इन नेताओं ने थामा आरजेडी का दामन

Bihar में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी उठापटक तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) को उस समय बड़ा झटका लगा, जब पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने आरजेडी का दामन थाम लिया।
bihar assembly election
बिहार चुनाव से पहले जेडीयू को बड़ा झटका, फोटो- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Bihar Assembly Election: पूर्व सांसद संतोष कुमार कुशवाहा (पूर्णिया), पूर्व विधायक राहुल शर्मा (घोसी), लोजपा के पूर्व प्रत्याशी अजय कुशवाहा, और जेडीयू सांसद गिरधारी प्रसाद यादव के पुत्र चाणक्य प्रकाश रंजन ने बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की मौजूदगी में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की सदस्यता ग्रहण की।

आरजेडी कार्यालय में आयोजित समारोह में तेजस्वी यादव ने सभी नेताओं का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि यह सिर्फ पार्टी परिवर्तन नहीं, बल्कि बिहार की राजनीति में एक नई दिशा की शुरुआत है। उन्होंने कहा, “आज बिहार की जनता बदलाव चाहती है। जो लोग अब तक सत्ता में रहकर विकास के नाम पर छल करते रहे, उन्हें जनता जवाब देगी। आरजेडी में शामिल होने वाले सभी नेता जनता के बीच मजबूत पकड़ रखते हैं और हमारे मिशन ‘बदलाव 2025’ को और सशक्त करेंगे।”

संतोष कुशवाहा बोले, “अब नीतीश सरकार पर भरोसा नहीं”

पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा ने कहा कि वे लंबे समय से नीतीश कुमार के नेतृत्व से असंतुष्ट थे। उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार अब जनता के मुद्दों से दूर हो चुके हैं। आज पार्टी में सिद्धांत और कार्यकर्ता की कोई कद्र नहीं रही। तेजस्वी यादव युवाओं और किसानों की आवाज उठा रहे हैं, इसलिए हमने उनके नेतृत्व में बिहार के विकास के लिए काम करने का फैसला लिया है।”

तेजस्वी ने किया जेडीयू-बीजेपी गठबंधन पर हमला

तेजस्वी यादव ने इस मौके पर जेडीयू-बीजेपी गठबंधन को “जनता विरोधी गठजोड़” बताया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने कई बार राजनीतिक पलटी मारकर बिहार की जनता का भरोसा तोड़ा है। तेजस्वी ने दावा किया कि आगामी चुनाव में बिहार की जनता ‘आरजेडी-नेतृत्व वाले महागठबंधन’ को भारी बहुमत देगी।

चाणक्य प्रकाश रंजन की एंट्री ने बढ़ाई चर्चा

इस कार्यक्रम में सबसे ज्यादा चर्चा रही चाणक्य प्रकाश रंजन की एंट्री की। वे बांका से जेडीयू सांसद गिरधारी प्रसाद यादव के पुत्र हैं। उनकी आरजेडी में शामिल होने को लेकर सियासी हलकों में कई तरह के संदेश निकाले जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, युवा पीढ़ी अब नीतीश मॉडल से ऊब चुकी है और तेजस्वी यादव में भविष्य देख रही है।

आरजेडी ने बताया “बदलाव की लहर”

आरजेडी प्रवक्ता चितरंजन गगन ने कहा कि लगातार अन्य दलों से नेताओं का आरजेडी में आना इस बात का संकेत है कि राज्य में ‘बदलाव की लहर’ चल रही है। उन्होंने कहा, “बिहार की जनता इस बार रोजगार, शिक्षा और भ्रष्टाचार मुक्त शासन चाहती है, और यह काम केवल तेजस्वी यादव ही कर सकते हैं।”

Navbharat Live
navbharatlive.com