जाली नोटों के अंतरराज्यीय सिंडिकेट का भंडाफोड़, पुलिस ने 2.48 लाख के नकली नोटों के साथ दो को किया गिरफ्तार

Bihar Police Fake Note Syndicate: औरंगाबाद में पुलिस ने जाली नोटों के अंतरराज्यीय सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 2.48 लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए गए हैं।
Bihar Police Fake Note Syndicate
औरंगाबाद में 2.48 लाख के नकली नोटों के साथ दो गिरफ्तार सोर्स-सोशल मीडिया
Updated on

बिहार के औरंगाबाद जिले में पुलिस ने जाली नोटों के अंतरराज्यीय सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 2 लाख 48 हजार 500 रुपये मूल्य के नकली नोट बरामद किए हैं। बरामद सभी नोट 500 रुपये के हैं। पुलिस के अनुसार, जिले में जाली नोटों की खेप पहुंचने और उनके परिवहन की सूचना मिलने के बाद मदनपुर थाना क्षेत्र में वाहनों की सघन जांच शुरू की गई थी।

इसी दौरान मदनपुर थाना मोड़ के पास पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे पीछा कर पकड़ लिया गया। तलाशी में उसके पास से 1 लाख 48 हजार 500 रुपये के जाली नोट मिले। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर उसके पास से 1 लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए। मामले की जांच जारी है और पुलिस सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

जाली नोटों के गिरोह भंडाफोड़

इसके अलावा, पुलिस ने एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि पुलिस अधीक्षक, औरंगाबाद को जिले में जाली नोटों के परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर मदनपुर थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिलों सहित अन्य वाहनों की सघन जांच शुरू की गई। इसी क्रम में रात करीब 8 बजकर 10 मिनट पर मदनपुर थाना मोड़ के पास पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान गया की ओर से एक मोटरसाइकिल पर आ रहा व्यक्ति पुलिस की जांच देखकर भागने लगा।

1 लाख 48 हजार 500 रुपये की जाली नोट बरामद

पुलिस बल ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 500 रुपये के 297 जाली नोट बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत 1 लाख 48 हजार 500 रुपये थी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 45 वर्षीय सुरेंद्र कुमार, निवासी बाबू बांध, थाना मदनपुर, औरंगाबाद के रूप में हुई।

Bihar Police Fake Note Syndicate
नागपुर में साइबर ठगी का खुलासा! 6 आरोपी गिरफ्तार, म्यूल खातों से 90 करोड़ के फर्जी लेनदेन का पर्दाफाश

पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

पूछताछ के दौरान सुरेंद्र कुमार की निशानदेही पर पुलिस ने मिठाइयां मोड़ के पास छापेमारी कर एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उसके पास से 500 रुपये के 200 जाली नोट बरामद किए गए, जिनकी कीमत 1 लाख रुपये थी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 45 वर्षीय विजय यादव, निवासी सोमिया, थाना बाराचट्टी, जिला गया के रूप में हुई।

आरोपियों को भेजा न्यायिक हिरासत में

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों ने पूछताछ के दौरान अपना अपराध स्वीकार किया है। मामले में मदनपुर थाना में संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जाली नोटों की खेप कहां से लाई गई थी और इस सिंडिकेट में इनके अलावा कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com