महागठबंधन में ‘ऑल इज वेल’: राजद ने सोमवार को सीट बंटवारे की घोषणा का दावा, भाई वीरेंद्र ने क्या कहा?
Bihar Assembly Election के लिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेतृत्व वाले महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। हालांकि, राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने सब कुछ 'ऑल इज वेल' बताया है।
- Written By: प्रतीक पाण्डेय
भाई वीरेंद्र, फोटो- सोशल मीडिया
Bihar Chunav: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने रविवार को स्पष्ट किया कि गठबंधन में सब कुछ सही है और कहीं कोई पेंच नहीं फंसा है। उन्होंने घोषणा की कि सीट बंटवारे की आधिकारिक जानकारी सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सार्वजनिक की जाएगी।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक भाई वीरेंद्र ने रविवार, 12 अक्टूबर को मीडिया से बातचीत करते हुए महागठबंधन के भीतर किसी भी तरह की नाराजगी या गतिरोध की खबरों को खारिज कर दिया। हाल ही में राजद प्रमुख लालू यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ‘लैंड फॉर जॉब’ से जुड़े एक मामले में दिल्ली की अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए रविवार को दिल्ली रवाना हुए हैं।
भाई वीरेंद्र ने कहा ‘ऑल इज वेल’
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की सरगर्मियां पटना से लेकर दिल्ली तक फैली हुई हैं, लेकिन महागठबंधन में सीट बंटवारे की स्थिति अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। इन अटकलों के बीच, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेताओं ने महागठबंधन में आंतरिक एकजुटता का दावा किया है। राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने मीडिया से बात करते हुए साफ किया कि महागठबंधन में सब कुछ ‘ऑल इज वेल’ है। इससे पहले, बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और महागठबंधन समन्वय समिति के प्रमुख तेजस्वी यादव ने भी कहा था कि गठबंधन में किसी तरह की कोई परेशानी नहीं है और सब कुछ ठीक है।
सम्बंधित ख़बरें
Bihar: शादी में बजा भोजपुरी गाना तो चले पत्थर, तेजस्वी-चिराग के जिक्र पर मचा बवाल, आधे दर्जन से ज्यादा घायल
बिहार में सत्ता की अग्निपरीक्षा! सम्राट चौधरी 24 अप्रैल को लेंगे विश्वास मत; सीधे पहुंचे नीतीश कुमार के घर
नवभारत निशानेबाज: BJP का विस्तार हुआ विराट, लोकतंत्र में ले आए सम्राट
Nitish Kumar: नीतीश कुमार का ‘दिल्ली प्लान’ तैयार, क्या बदलने वाला है देश का सियासी समीकरण? जानें सबकुछ
सीटों पर सहमति का दावा
भाई वीरेंद्र ने जोर देकर कहा कि महागठबंधन में कहीं कोई पेंच फंसा हुआ नहीं है। उन्होंने पुष्टि की कि सब कुछ हो चुका है और सहयोगी दलों में कोई मतभेद नहीं है। वीरेंद्र ने कहा कि महागठबंधन के सभी सहयोगी दल ‘ऑल इज वेल’ हैं और सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी जिसमें सीटों की घोषणा कर दी जाएगी और सभी को पता चल जाएगा।
लालू-तेजस्वी की दिल्ली यात्रा
इन राजनीतिक दावों के बीच, राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव और उनके पुत्र तेजस्वी यादव रविवार को दिल्ली के लिए रवाना हो गए। राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने उनकी यात्रा को अदालत का मामला बताया। दरअसल, लालू यादव के परिवार को 13 अक्टूबर को दिल्ली की एक अदालत में ‘लैंड फॉर जॉब’ से जुड़े एक मामले में व्यक्तिगत रूप से हाजिर होने का निर्देश दिया गया है।
यह भी पढ़ें: बिहार एनडीए सीट बंटवारे पर पप्पू यादव ने कसा तंज, बोले- ‘नीतीश को फिनिश करने का अभियान’
केंद्र पर निशाना और नौकरी का वादा
राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने लालू और तेजस्वी की दिल्ली यात्रा के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जानबूझकर राजद अध्यक्ष लालू यादव, तेजस्वी यादव, और उनके पूरे परिवार को परेशान करना चाहती है। दिल्ली रवाना होने से पहले, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार की जनता से किए गए अपने चुनावी वादे को दोहराया। उन्होंने कहा कि बिहार में जिस परिवार के पास कोई सरकारी नौकरी नहीं है, उस परिवार को सरकारी नौकरी दी जाएगी। तेजस्वी ने विश्वास जताया कि 14 नवंबर के बाद बिहार की जनता बेरोजगारी से मुक्ति पाएगी।
