सिर्फ इंसानों के लिए नहीं, अब कुत्तों की पसंद के रंगों में आएगी कार; प्यूजो का ये फीचर्स देख रह जाएंगे दंग
Peugeot E-5008: प्यूजो ने पालतू कुत्तों के लिए खास 'E-5008 डॉग एडिशन' कॉन्सेप्ट कार पेश की है। इसमें कुत्तों की दृष्टि के अनुसार रंग, विशेष गद्दे और विंडो हेडरेस्ट जैसे अनूठे फीचर्स दिए गए हैं।
- Written By: अमन उपाध्याय
सांकेतिक एआई फोटो
Peugeot E-5008 Dog Edition Features: कार निर्माता कंपनियां अक्सर इंसानी जरूरतों, आराम और विलासिता को ध्यान में रखकर गाड़ियां बनाती हैं। लेकिन मशहूर वाहन निर्माता कंपनी प्यूजो (Peugeot) ने इस बार कुछ ऐसा किया है, जिसने पालतू जानवरों के प्रेमियों का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
प्यूजो ने अपनी लोकप्रिय फैमिली एसयूवी का एक नया और बेहद अनोखा अवतार पेश किया है, जिसे ‘Peugeot E-5008 Dog Edition’ नाम दिया गया है। यह कॉन्सेप्ट कार खास तौर पर उन लोगों के लिए डिजाइन की गई है जो अपने पालतू कुत्तों के साथ नियमित रूप से यात्रा करते हैं और चाहते हैं कि केबिन उनके लिए अधिक व्यावहारिक हो।
Peugeot E-5008 में क्या है खास?
आमतौर पर कारों के इंटीरियर को इंसानों की पसंद के हिसाब से सजाया जाता है, लेकिन ‘E-5008 डॉग एडिशन’ में प्यूजो ने पूरी तरह से कुत्तों के पसंद को देखते हुए काम किया है। कार के केबिन में उपयोग किए गए रंगों का चुनाव Dog Vision से प्रेरित है, यानी वे रंग जिन्हें कुत्ते आसानी से देख और पहचान सकते हैं।
सम्बंधित ख़बरें
चहल और ईशांत की नई पारी, क्रिकेट के बाद अब बिजनेस की पिच पर दोनों खिलाड़ी, बोले- हमारा प्रोडक्ट बनेगा नंबर 1
Weather Update: इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट तो उत्तराखंड में भूस्खलन का खतरा, देखें IMD का ताजा अपडेट
हिंदू राष्ट्र से डरने की जरूरत नहीं…, बयान पर भड़के मुस्लिम संगठन; बाबा रामदेव को बताया धोखेबाज
Explainer: अमरनाथ में समय से पहले क्यों पिघल गया बर्फ का शिवलिंग? जानिए क्या एलीवेशन डिपेंडेंट वार्मिंग
इसके साथ ही, केबिन के भीतर इस्तेमाल किया गया मटेरियल भी पालतू जानवरों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर चुना गया है। इसमें विशेष रूप से नरम और Non-slip सामग्री का उपयोग किया गया है ताकि गाड़ी चलने के दौरान कुत्ते आरामदायक और सुरक्षित महसूस करें।
कुत्तों को घर जैसा अहसास
कार की सबसे बड़ी खूबियों में से एक इसका ‘मॉड्यूलर मैट्रेस’ है। यह गद्दा इतना लचीला है कि इसे पीछे की सीटों पर या फिर कार्गो एरिया में आसानी से फिट किया जा सकता है। यह एक ‘प्रोटेक्टर’ की तरह काम करता है जो गाड़ी के इंटीरियर को सुरक्षित रखता है और साथ ही कुत्तों के झड़ने वाले बालों को भी इकट्ठा करने में मदद करता है।
सबसे विशेष बात यह है कि सफर पूरा होने के बाद, इस गद्दे को मोड़कर एक आरामदायक डॉग बेड में बदला जा सकता है, जिससे आपके पालतू जानवर को घर जैसा अहसास होता है।
प्यूजो डॉग एडिशन कार, AI फोटो
बाहरी का नजारे के लिए विशेष सुविधा
अक्सर देखा जाता है कि कुत्तों को चलती कार की खिड़की से बाहर सिर टिकाकर देखना बहुत पसंद होता है। उनकी इसी पसंद को ध्यान में रखते हुए प्यूज़ो ने एक विशेष ‘विंडो हेडरेस्ट’ विकसित किया है। यह एक नरम पीले रंग का कुशन है जो खिड़की के कांच पर लगाया जाता है।
यह कुशन कुत्ते को बाहर देखते समय अपना सिर टिकाने के लिए एक आरामदायक और सुखद स्थिति प्रदान करता है, जिससे उनकी यात्रा पहले से कहीं अधिक आनंददायक हो जाती है।
यह भी पढ़ें:- फ्री सर्विस खत्म होते ही ‘Connected Car’ से ग्राहकों ने बनाया किनारा, ऑटो कंपनियों का बड़ा प्लान फेल?
पालतू जानवरों के साथ अब बेहतरीन होगी यात्रा
प्यूज़ो का यह ‘डॉग एडिशन’ उन मालिकों के लिए एक बेहतरीन विकल्प के रूप में देखा जा रहा है जो अपनी फैमिली एसयूवी को अपने पालतू जानवरों के लिए अधिक अनुकूल बनाना चाहते हैं। हालांकि यह वर्तमान में केवल एक कॉन्सेप्ट मॉडल है, लेकिन इसके फीचर्स यह दर्शाते हैं कि भविष्य में ऑटोमोबाइल कंपनियां पालतू जानवरों की देखभाल और उनकी यात्रा के अनुभव को लेकर नई संभावनाओं पर काम कर रही हैं। यह कदम न केवल पालतू जानवरों के सफर को सुगम बनाता है, बल्कि वाहन के भीतर उनके रहने के स्थान को भी अधिक व्यावहारिक बनाता है।
